नाथुसरी चोपटा क्षेत्र के गांव में चलती मशीन में लगी आग, किसान को लाखों का नुकसान
नाथुसरी चोपटा क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एक किसान की नई मशीन में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार अशोक कुमार पुत्र रामस्वरूप हाल ही में करीब 3.5 लाख रुपये की नई मशीन लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि अशोक कुमार गांव के ही किसान सुरेन्द्र सहारण के खेत में तूड़ी बनाने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते मशीन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी ट्राली भी उसकी चपेट में आकर जल गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से ट्रैक्टर को समय रहते वहां से हटा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
घटना में किसान अशोक कुमार को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
