नाथूसरी चौपटा के निजी स्कूल में एसएलसी लेने पहुंचे अभिभावक से मारपीट, मोबाइल फोन तोड़ा, चौपटा पुलिस थाना में संचालक के खिलाफ दी शिकायत
सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव बकरियांवाली स्थित संस्कार वैली पब्लिक स्कूल में एसएलसी लेने पहुंचे अभिभावक के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। पीडि़त गांव गुडियाखेड़ा निवासी संदीप कुमार इस संबंध में नाथूसरी चौपटा पुलिस थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक गांव गुडिया खेड़ा निवासी संदीप कुमार ने बताया कि संस्कार वैली पब्लिक स्कूल में मेरा भतीजा प्रिंस पांचवीं कक्षा छात्र है। मैं अपने भतीजे का दाखिला गांव गुडियाखेड़ा के राजकीय स्कूल में करवाना चाहता था। इसी सिलसिले में शनिवार 2 मई 2026 को अपने भतीजे प्रिंस की स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) लेने संस्कार वैली पब्लिक स्कूल पहुंचा। आरोप है कि स्कूल संचालक प्रदीप बाना ने पहले एसएलसी देने से मना कर दिया। इसके बाद में गाली-गलौज शुरू कर दी। संदीप ने बताया कि जब इसका विरोध करते हुए वीडियो बनानी चाही तो आरोपी ने उनका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया और उनके साथ मारपीट की। साथ ही उन्हें धमकी भी दी गई।
संदीप कुमार ने बताया कि इस घटना से काफी मानहानि हुई हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि स्कूल में निर्धारित मान्यता से अधिक कक्षाएं चलाई जा रही हैं।
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक स्तर पर भी इस प्रकरण को गंभीरता से लिया जा रहा है।
