home page

क्रिकेट के जुनून ने बनाया ऑलराउंडर, देश के लिए खेलने का सपना संजोए है तुलसी

 | 
A passion for cricket has shaped him into an all-rounder; Tulsi dreams of playing for his country

mahendra india news, new delhi
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले की नोहर तहसील के गांव फेफाना की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी तुलसी भारतीय महिला क्रिकेट टीम में खेलने का सपना संजोए हुए है। नेहरू चिल्ड्रन स्कूल फेफाना में 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही तुलसी ने अंडर-17 राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव ढूकड़ा में आयोजित एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान ऑलराउंडर खिलाड़ी तुलसी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसका सपना देश के लिए क्रिकेट खेलना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह प्रतिदिन कड़ी मेहनत और अभ्यास कर रही है।

तुलसी ने बताया कि उसके पिता वाहन चालक हैं और स्वयं भी क्रिकेट खिलाड़ी रहे हैं। पिता को क्रिकेट खेलते देखकर ही उसके मन में इस खेल के प्रति जुनून पैदा हुआ। क्रिकेट के प्रति उसके लगाव को देखते हुए पिता हमेशा उसका हौसला बढ़ाते हैं और खेल में पूरा सहयोग करते हैं।

WhatsApp Group Join Now

तुलसी ने बताया कि राजस्थान टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए गांव फेफाना की 10 महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन हुआ था, जिनमें वह भी शामिल रही। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना उसके लिए बड़ी उपलब्धि रही। गांव की 10 बेटियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

तुलसी का कहना है कि वह लगातार मेहनत करके अपने खेल को बेहतर बनाना चाहती है, ताकि एक दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन कर सके।