home page

15 जुलाई को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में मंचित होगा देशभक्ति से ओत-प्रोत नाटक शहीद

 | 
A patriotic play titled 'Shaheed' will be staged at Chaudhary Devi Lal University on July 15

mahendra india news, new delhi
'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ पर सिरसा में होगा राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव का आयोजन
सिरसा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के स्वायत्तशासी संस्थान संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा महाकवि कालिदास जयंती एवं 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 15 जुलाई 2026 को सायं 6:00 बजे देशभर में एक साथ राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है।

गौरव की बात है कि हरियाणा प्रदेश में इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए केवल दो स्थानों का चयन किया गया है, जिनमें सिरसा भी शामिल है। सिरसा में यह राष्ट्रीय आयोजन चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के सहयोग से माननीय कुलगुरु प्रो. (डॉ.) विजय कुमार के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के सभागार टैगोर थिएटर में आयोजित किया जाएगा। यूएसजीएस विभाग  चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के सहायक प्रोफेसर एवं के.एल. थियेटर प्रोडक्शंस के निदेशक कर्ण लढा ने बताया कि इस अवसर पर के.एल. थियेटर प्रोडक्शंस द्वारा उनके लेखन एवं निर्देशन में तैयार देशभक्ति से ओत-प्रोत नाट्य प्रस्तुति शहीद का मंचन किया जाएगा।

यह नाटक शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चन्द्रशेखर आजाद, लाला लाजपत राय, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां तथा अन्य अमर क्रांतिकारियों के अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और मातृभूमि के प्रति उनके अमर समर्पण को सजीव रूप में प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के केवल दो केंद्रों में सिरसा का चयन होना पूरे जिले एवं चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली के निदेर्शानुसार इस राष्ट्रीय आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी, युवा, रंगकर्मी एवं आमजन इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बन सकें।

WhatsApp Group Join Now

कर्ण लढा ने जिले के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, कला एवं संस्कृति प्रेमियों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे 15 जुलाई 2026 को सायं 5:15 बजे टैगोर थिएटर, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें तथा राष्ट्रभक्ति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समर्पित इस विशेष नाट्य प्रस्तुति का आनंद लें।

इस राष्ट्रीय आयोजन की सफलता के लिए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. सुरेन्द्र कुंडू, युवा कल्याण निदेशिका प्रो. मंजू नेहरा तथा यूएसजीएस विभाग के अधिष्ठाता प्रो. मोहम्मद किदवई काशिफ ने कर्ण लढा की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा सिरसा और चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगा।