फतेहाबाद से टोहाना आ रही प्राईवेट बस खेत में पलटी, महिला समेत 3 की मौत, मौके पर पहुंचे सुभाष बराला ने की घायलों की सहायता
हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में फतेहाबाद जिला से हैं। जहां फतेहाबाद से टोहाना जा रही प्राइवेट बस गांव अमानी व भोडी के बीच अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। इस सडक़ दुर्घटना से में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल हो गए। इस हादसे में घायलों को सामान्य अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है।
इस दुर्घटना की सूचना पर राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाने में मदद की और प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह की है। इस सडक़ हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस कर्मचारी राजेश ने बताया कि बस पलटने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। अभी तक 3 मौतों की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
बस में सफर कर रहे यात्रियों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गांव चंदड निवासी राममेहर ने कहा कि वह टोहाना जाने के लिए बस में चढ़ा था। बस चालक शुरू से ही तेज गति से बस चला रहा था। गांव भोडी के पास बस बेकाबू होकर खेत में पलट गई।
पुलिस के मुताबिक बस में करीबन 50-55 यात्री थे। हादसे के बाद राहगिरों ने शीशे तोडक़र यात्रियों को बाहर निकाला गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जाएगा।
