home page

कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया

 | 
mahendra india news, new delhi

mahendra india news, new delhi
सिरसा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला-द्वितीय में शुक्रवार को कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी नाथूसरी चौपटा सतबीर सिंह ढिढारिया उपस्थित रहे। विद्यालय ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में शानदार सफलता प्राप्त की।

कक्षा 12वीं में विद्यालय के विद्यार्थियों ने खण्ड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुल 54 विद्यार्थियों में से 45 विद्यार्थियों ने मेरिट हासिल की। वहीं कक्षा 10वीं में कुल 54 विद्यार्थियों में से 15 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु आयोजित समारोह में बाल कल्याण अधिकारी कमलेश चाहर ने पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5100 रुपये तथा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

सेवानिवृत्त सुपरिंटेंडेंट रामकिशन राव ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 3100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। ग्राम पंचायत साहूवाला-द्वितीय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय को 21000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की तथा सभी मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो भेंट किए। इस अवसर पर विभिन्न समाजसेवियों ने भी विद्यालय को सहयोग राशि प्रदान की। सुशील बिरड़ा ने 5100 रुपये, राजेंद्र एवं कैलाशचंद्र ने 3100-3100 रुपये, सुनील ने 2000 रुपये, महेंद्र एवं वजीर तेतरवाल ने 1100-1100 रुपये तथा चाडीवाल सरपंच वेद प्रकाश शर्मा ने 500 रुपये की राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त सुनील सैनी ने विद्यालय को 4 पंखे, मदनलाल ने 2 पंखे तथा महेंद्र ने 1 पंखा भेंट किया।

WhatsApp Group Join Now


विद्यालय के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए लीलाधर सैनी ने लगभग 11 हजार रुपये मूल्य की 40 खेल किट प्रदान कीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सतबीर सिंह ढिढारिया, प्राचार्या मंजू पूनिया एवं स्कूल प्राचार्य राजकुमार ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्या मंजू पूनिया ने शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्ट योगदान देने पर विद्यालय की प्रवक्ता हिंदी सुमन देवी को बेस्ट टीचर अवार्ड से सम्मानित किया। समारोह में सरपंच रचना राव, सरपंच प्रतिनिधि भूपेंद्र राव, कृष्ण राव, जगदीश चाडीवाल, सुखदेव ढिल्लों (डीएसओ सिरसा) सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।