home page

CDLU सिरसा में पहली बार बाल विवाह के खिलाफ अनूठी पहल, झांकियों के जरिए दिया जाएगा जागरूकता का संदेश

 | 
A unique initiative against child marriage at CDLU Sirsa: a message of awareness will be conveyed through tableaux

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर सिरसा में एक राष्ट्रीय स्तर का ऐतिहासिक कार्यक्रम होने जा रहा है। सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन द्वारा बाल विवाह मुक्त सिरसा अभियान के लिए आज बालिकाओं के हाथों से ट्रॉफी लॉन्च की गई। सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के डायरेक्टर सुनील जागलान ने बताया कि पिछले तीन महीने से बाल आजादी अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त सिरसा को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उसी अभियान के एक अहम पड़ाव के रूप में 27 नवंबर को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर झांकियों की प्रस्तुति रखी गई है। यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में 27 नवंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इस कार्यक्रम में सिरसा और सिरसा से बाहर के करीब 6 हजार से ज्यादा लोग भागीदार बनेंगे। बड़ी संख्या में बेटियां, महिलाएं, पंचायत प्रतिनिधि, छात्र, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और अधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।


इस कार्यक्रम में बाल विवाह के दोषियों को झांकी के रूप में दिखाया जाएगा। देश-दुनिया में पहली बार बाल विवाह की झांकियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह पूरी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा संदेश होगा। सुनील जागलान ने बताया कि झांकियों में बाल विवाह के सारे दोषी दिखाए जाएंगे - जो बाल विवाह करवाते हैं, जो उसमें शामिल होते हैं, जो चुप रहकर उसे होने देते हैं, और जो व्यवस्था की कमजोरी के कारण उसे रोक नहीं पाते। समाज को आईना दिखाने के लिए यह तरीका सबसे प्रभावशाली साबित होगा, क्योंकि लोग भाषण से ज्यादा झांकी से समझते हैं। इस प्रतियोगिता में जो झांकियां विजेता रहेंगी, उन्हें 21 हजार, 11 हजार और 5100 रुपये का पुरस्कार तथा ट्रॉफी दी जाएगी। इसके लिए बाल विवाह मुक्त सिरसा की ट्रॉफी का लॉन्च बालिकाओं के द्वारा किया गया। बेटियों ने ही ट्रॉफी को अपने हाथों में उठाकर इस अभियान को आशीर्वाद दिया। सुनील जागलान ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को देश का सबसे प्रभावशाली अभियान बनाने के लिए बाल विवाह के दोषियों की झांकी का फामूर्ला बहुत ही महत्वपूर्ण और मजबूत है। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज की सोच बदलने का एक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से उनके पहले वाले अभियान असरदार रहे और सरकारों ने उन्हें अपनाया है, इसी प्रकार से यह अभियान भी सरकार देश के हर एक जिले में मॉडल के तौर पर लागू करने की कोशिश जरूर करे। उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य सरकारों से अपील की है कि बाल विवाह के दोषियों की झांकी के इस मॉडल को पूरे देश में अपनाया जाए, ताकि हर जिले, हर गांव में लोगों को यह समझ आए कि बाल विवाह अपराध है, परंपरा नहीं। उन्होंने कहा कि जब तक समाज खुद बाल विवाह के दोषियों को पहचानकर उनका बहिष्कार नहीं करेगा, तब तक सिर्फ कानून से बाल विवाह नहीं रुकेगा। झांकी का उद्देश्य किसी को अपमानित करना नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करना है।


जींद जिले के बीबीपुर गांव के सरपंच रह चुके हैं सुनील जागलान:
सुनील जागलान हरियाणा के जींद जिले के बीबीपुर गांव के रहने वाले हैं और वर्ष 2010 से 2015 तक अपने गांव के सरपंच रहे हैं। वे पिछले 16 वर्षों से महिला अधिकार, गांव के अधिकार और बाल अधिकारों के लिए कार्य कर रहे हैं। वे सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के माध्यम से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने देश को पहली वुमेन फ्रेंडली पंचायत और चाइल्ड फ्रेंडली पंचायत का कांसेप्ट दिया, जिसे आज केंद्र सरकार ने भी स्वीकार करके लागू किया है। जब राष्ट्रपति जी द्वारा सौ गांव गोद लिए गए थे, तो उन गांवों को महिला हितैषी और बाल हितैषी बनाने के लिए उन्होंने स्मार्ट ग्राम परियोजना को लीड किया था। वर्ष 2016 से 2020 तक उन्होंने लगातार स्मार्ट ग्राम प्रोजेक्ट पर कार्य किया, जो राष्ट्रपति भवन से तत्कालीन राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी जी के नेतृत्व में शुरू हुआ था। सुनील जागलान ने सेल्फी विद डॉटर, पीरियड चार्ट, लाडो पंचायत, लाडो पुस्तकालय, एक पेड़ लाडो के नाम, गाली बंद घर जैसे करीब सौ अभियान देश को दिए हैं। वर्तमान में वे बाल आजादी अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के तहत सिरसा जिले में देश में पहली बार सभी ग्राम पंचायतों में मैरिज रजिस्टर लगाए गए हैं, हर गांव में चाइल्ड वेलफेयर एंड प्रोटेक्शन कमेटी बनाई गई है और बाल विवाह मुक्त भारत के लिए नोडल आॅफिसर नियुक्त कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए सिरसा देश का पहला बाल हितैषी जिला बनने की ओर बढ़ रहा है।

WhatsApp Group Join Now