मां दधिमथी के प्राकट्य दिवस पर उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब
mahendra india news, new delhi
सिरसा/आदमपुर। मां दधिमथी के पावन प्राकट्य दिवस के शुभ अवसर पर मां दधिमथी धाम, आदमपुर में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर दाधीच समाज सहित सर्व समाज के प्रबुद्धजन, मातृशक्ति एवं सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मां दधिमथी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रात: वेला में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दधिमथी जी का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके पश्चात माता रानी की विधिवत आरती संपन्न हुई। आरती के दौरान संपूर्ण वातावरण मां दधिमथी माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आयोजन के अंतर्गत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भोग आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। सभी श्रद्धालुओं ने अनुशासित रूप से प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर अखिल भारतवर्षीय दाहिमा दाधीच ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष दायमा (बांय वाले) सिरसा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। दायमा ने मां दधिमथी के चरणों में 51000 रुपए की सहयोग राशि अर्पित करते हुए समाज की एकता एवं धार्मिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। उपस्थित दाधीच समाज के बंधुओं ने उनका पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मां दधिमथी की कृपा से समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों की भावना का निरंतर विस्तार होता है।
आयोजन के सफल संचालन में मंदिर समिति, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा। वहीं मां दधिमथी दुर्गा धाम, दौलतपुर (जिला फतेहाबाद) में भी मां दधिमथी के पावन प्राकट्य दिवस पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां प्रात: से सायं तक माता रानी का जागरण आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से मां की आराधना की। कार्यक्रम के अंतर्गत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। अखिल भारतवर्षीय दाहिमा दाधीच ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष दायमा (बांय वाले) सिरसा ने आदमपुर धाम के पश्चात दौलतपुर धाम में भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई तथा मां दधिमथी के चरणों में 21000 की सहयोग राशि अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
