हरियाणा में रोडवेज बस में युवक ने जमकर किया हंगामा, बस यात्रियों को दी धमकी, बस चालक थाने में ले गया बस
हरियाणा रोडवेज बस के अंदर सोमवार को एक युवक ने काफी देर तक हंगामा किया। युवक नशे में बताया जा रह है। जानकारी के अनुसार कैथल आ रही हरियाणा रोडवेज बस में एक नशे में धुत युवक ने जमकर हंगामा कर दिया। युवक कलायत से रोडवेज बस के अंदर चढ़ा। इसके बाद बस में चढ़ते ही बस में सवारियां को धमकाने लगा।
बस के चालक व परिचालक के समझाने के बाद भी युवक शांत नहीं हुआ और सारे रास्ते शोर मचाता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक कभी मोबाइल से वीडियो बना रहा था, तो कभी बस में बैठे यात्रियों से कहता कोई कुछ बोलेगा नहीं, सब चुप बैठो। इससे बस में बैठी सवारियां सहम सी गई। बस के ड्राइवर संदीप ने बताया कि वह हिसार डिपो की बस लेकर चंडीगढ़ जा रहा था। इसी दौरान कलायत से एक युवक चढ़ा। इस युवक ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। उसे नीचे उतारने का प्रयास किया गया लेकिन वह बस के आगे खड़ा हो गया और बस को आगे नहीं जाने देने की धमकी देने लगा।
इसके बाद बस स्टैंड चौकी के पुलिस कर्मचारियों ने भी मौके पर युवक को नीचे उतारने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। इसी के साथ ही अपना नाम-पता बताने से भी इंकार कर दिया। इसके बाद स्थिति बिगड़ती देख चालक बस को सीधे सिविल लाइन थाना में ले गया। वहां पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया जिसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने युवक को काबू कर बस से नीचे उतारा। बस के परिचालक ने युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
इस संदर्भ में सिविल लाइन थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि हरियाणा रोडवेज बस में एक युवक काफी हंगामा कर रहा था। उसे बस से नीचे उतार लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक के नशे में होने की आशंका है। शिकायत के आधार पर केस की जांच की जा रही है।
