सिरसा में CIA पुलिस की कार्रवाई, कागदाना के युवक से 32 बोर के दो अवैध पिस्तौल बरामद
mahendra india news, new delhi
SIRSA SP दीपक सहारन के निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस ने गांव कागदाना के नजदीक एक युवक को 32 बोर के दो अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमित पुत्र रणधीर सिंह निवासी गांव कागदाना के रूप में हुई है।
सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान नाथूसरी चौपटा से गांव कागदाना की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के नजदीक सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक ने वहां से खिसकने का प्रयास किया। शक के आधार पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्जे से 32 बोर के दो अवैध पिस्तौल बरामद हुए।
पुलिस टीम ने दोनों पिस्तौलों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना नाथूसरी चौपटा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया है। मामले की आगामी जांच नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ और जांच के माध्यम से पता लगाने में जुटी है कि वह अवैध हथियार कहां से लेकर आया था तथा इन्हें रखने का उसका क्या उद्देश्य था। सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस द्वाराअपराधियों की धरपकड़ और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
