सीएम नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में एसी खराब, एसडीई निलंबित, मेंटेनेंस इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम के दौरान एसी खराब मिली। इस पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार सोनीपतदीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में 13 अगस्त को सीएम नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम के दौरान ऑडिटोरियम का एसी ठीक से कार्य नहीं करने का मामला सामने आया।
बताया जा रहा है कि कूलिंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, एचवीएसी की मरम्मत करने वाली कंपनी क्लाइमावेनेटा क्लाइमेट टेक्नोलॉजीज और उसके निदेशक सुभाष चंदा के खिलाफ मुरथल थाने में धोखाधड़ी व अमानत में खयानत की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम से पहले ऑडिटोरियम की वातानुकूलन व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम कराया जाना था, लेकिन व्यवस्था पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी। कार्यक्रम के दौरान कूलिंग की समस्या सामने आने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। इसके बाद विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रिकल विंग में तैनात एसडीई युद्धवीर दलाल को निलंबित कर दिया गया। जबकि मेंटेनेंस इंचार्ज डॉ. प्रवीण गर्ग को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मामले में काम अधूरा छोडऩे वाली संबंधित कंपनी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था में खामी सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
