किलोमीटर स्कीम की बसों से बढ़ रही दुर्घटनाएं, सरकारी चालकों की छवि हो रही खराब: यूनियन
mahendra india news, new delhi
रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा संबधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ, एटक के राज्य प्रधान निशान सिंह, राज्य महासचिव जयवीर घणघस, सिरसा डिपो प्रधान रिछपाल संधू डिपो सचिव सुरेंद्र बैरागी ने शुक्रवार को संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि हरियाणा रोडवेज में संचालित किलोमीटर स्कीम की बसों द्वारा आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन बसों के चालक अप्रशिक्षित एवं ठेके पर रखे गए हैं,
जिनके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। यूनियन नेताओं ने कहा कि किलोमीटर स्कीम की बसों का रंग-रूप हू-ब-हू हरियाणा रोडवेज की सरकारी बसों जैसा है, जिससे आम जनता में यह भ्रम फैलता है कि दुर्घटना सरकारी रोडवेज चालक द्वारा की गई है। इससे ईमानदार एवं प्रशिक्षित सरकारी चालकों की छवि तथा पूरे विभाग की साख पर गहरा दाग लग रहा है और विभाग बदनाम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में यूनियन द्वारा बार-बार सरकार को ज्ञापन देकर मांग की गई है कि किलोमीटर स्कीम का ठेका तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए और इन बसों को रोडवेज के नियमित बेड़े में शामिल करके इन पर नियमित, प्रशिक्षित सरकारी चालक नियुक्त किए जाएं।
