सिरसा ऑटो मार्केट में डिस्पोजल की दुकान में आग लगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिला पुलिस ने ऑटो मार्केट स्थित एक डिस्पोजल की दुकान में आग लगाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कीर्ति नगर पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि शहीदांवाली निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर शहर थाना में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 28 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे पड़ोस की वेल्डिंग की दुकान में कार्यरत एक युवक ने शटर के नीचे से दुकान के भीतर आग लगा दी। आग लगने से डिस्पोजल का सामान जलकर राख हो गया, जिससे दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य तकनीकी व प्रत्यक्ष साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर कृपाल पट्टी, ऐलनाबाद निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ नवजोत सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच नियमानुसार जारी है।
