खराब गेहूं की शिकायत पर प्रशासन हरकत में, SIRSA में सीएम फ्लाइंग ने कई राशन डिपो पर की जांच
Mahendra india news, new delhi
सिरसा शहर के वार्ड नंबर 20 एवं 21 में जुलाई और अगस्त माह के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित किए जाने वाले गेहूं की गुणवत्ता को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री उड़न दस्ते (CM Flying) ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न राशन डिपो पर औचक निरीक्षण कर जांच शुरू की।
लाभार्थियों द्वारा शिकायत की गई थी कि राशन डिपो पर वितरित किए जा रहे गेहूं में रेत, मिट्टी एवं फफूंदी जैसी अशुद्धियां मौजूद हैं, जिससे यह गेहूं उपभोग के योग्य नहीं है। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू की। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी, मुख्यमंत्री उड़न दस्ते के उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार, उप निरीक्षक राजेश कुमार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी राहुल कुमार, उप निरीक्षक आनंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जांच टीम ने शहर के विभिन्न राशन डिपो पर पहुंचकर गेहूं की गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा मौके से गेहूं के सैंपल एकत्रित किए। इसके साथ ही लाभार्थियों के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और वितरण संबंधी दस्तावेजों की भी विस्तार से जांच की गई। प्रारंभिक जांच के दौरान शिकायतों में तथ्य पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने संबंधित राशन डिपो संचालकों को आगामी आदेशों तक उक्त गेहूं का वितरण नहीं करने के निर्देश जारी किए। वहीं मौके पर मौजूद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को संबंधित डिपो पर उपलब्ध खराब गुणवत्ता वाले गेहूं के स्टॉक को बदलने तथा उसके स्थान पर बेहतर गुणवत्ता का गेहूं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक राशन डिपो को अस्थायी रूप से बंद किए जाने की सूचना है, जबकि अन्य डिपो के संबंध में जांच प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद राशन डिपो संचालकों में हड़कंप का माहौल है।
पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध करवाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राशन की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और यदि भविष्य में भी ऐसी शिकायतें सामने आती हैं तो उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री उड़न दस्ते एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करने पर आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रभावित लाभार्थियों को शीघ्र ही गुणवत्तापूर्ण गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा।
