पिता के निधन के बाद मां पर थी बेटी की शादी की जिम्मेदारी, डेरा सच्चा सौदा की सेवादारों ने बढ़ाया मदद का हाथ
mahendra india news, new delhi
पिता के निधन के बाद मां खेतों में मेहनत कर परिवार का गुजारा चला रही थी और बेटी की शादी की जिम्मेदारी सामने थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के सामने शादी का खर्च जुटाना चुनौती बना हुआ था। ऐसे समय में डेरा सच्चा सौदा की आशीर्वाद मुहिम के तहत सिरसा ब्लॉक की सेवादार बहनें गांव केलनियां निवासी कोमल की शादी में परिवार का सहारा बनीं। सेवादार बहनों ने शादी का जरूरी सामान उपलब्ध करवाने के साथ 1100 रुपए शगुन देकर बेटी को आशीर्वाद दिया।
गांव केलनियां निवासी कोमल पुत्री स्व. शेर सिंह की शादी 27 नवंबर को हुई। कोमल के पिता नहीं हैं। उसकी मां मीना रानी खेतों में काम करके परिवार का पालन-पोषण करती है, जबकि लड़की के भाई अभी छोटे हैं। शादी के लिए आर्थिक मदद की जरूरत को देखते हुए परिजनों ने डेरा सच्चा सौदा की हेल्पलाइन पर संपर्क किया था।
हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के बाद सिरसा ब्लॉक प्रेमी सेवक बहन वीना कक्कड़ इन्सां, नीलम इन्सां सहित अन्य सेवादार बहनें गांव केलनियां पहुंचीं। उन्होंने परिवार की जरूरत के अनुसार शादी का सामान उपलब्ध करवाया। इसमें बेड, गद्दे, अलमारी, सिरहाने, गर्मी व सर्दी के बिस्तर, गर्मी व सर्दी की बेडशीट, प्रेस, लड़की के 13 सूट, लड़के के दो सूट, दो गिफ्ट और जर्सी सहित अन्य जरूरी सामान शामिल था।
इसके अलावा 1100 रुपए शगुन देकर बेटी को शुभकामनाएं दी गईं। ग्रामीणों और ग्राम पंचायत ने डेरा सच्चा सौदा व सेवादार बहनों की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि जरूरत के समय परिवार की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। उन्होंने जरूरतमंद परिवार की सहायता करने वाली सेवादार बहनों और सामाजिक कार्यों के लिए साध-संगत को प्रेरित करने वाले डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु जी का आभार जताया।
