home page

विश्व कप के बाद अब एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी चुने गए सिरसा के राजिंद्र सिंह

 | 
After the World Cup, Rajinder Singh from Sirsa has now also been selected for the Asian Games hockey championship

mahendra india news, new delhi
सिरसा
 जिले के गांव संतनगर के 24 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी राजिंद्र सिंह ने एक साथ दो बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सिरसा और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। राजिंद्र का चयन पहले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप-2026 और उसके बाद जापान में होने वाली एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। लगातार दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन होने की खबर मिलते ही संतनगर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया, जबकि राजिंद्र के कोच हरविंद्र सिंह ने इसे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया।

विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त के बीच नीदरलैंड और बेल्जियम में होगा, जहां राजिंद्र भारतीय टीम की ओर से मैदान में उतरेंगे। इसके बाद 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक जापान में आयोजित होने वाली एशियन गेम्स हॉकी चैंपियनशिप में भी वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। लगातार दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए चयन ने उनके खेल करियर को नई ऊंचाई दी है। राजिंद्र के कोच हरविंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2009 में शुरू हुआ उनका हॉकी सफर आज इस मुकाम तक पहुंचा है। शुरूआती दिनों से ही राजिंद्र ने अनुशासन और मेहनत को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया।

जूनियर स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई और फिर हॉकी इंडिया लीग में बेहतरीन खेल दिखाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसी निरंतर प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली। कोच हरविंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि राजिंद्र विश्व कप और एशियन गेम्स दोनों प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के लिए लगातार दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनना उसकी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का सबसे बड़ा प्रमाण होता है। हरियाणा के लिए भी यह चयन गर्व की बात है। भारतीय टीम में प्रदेश के कुल पांच खिलाड़ियों को जगह मिली है।

WhatsApp Group Join Now

इनमें सिरसा के राजिंद्र सिंह, हिसार के संजय तथा सोनीपत के जसदीप, सुमित और अभिषेक शामिल हैं। इससे एक बार फिर हरियाणा ने देश को उत्कृष्ट हॉकी खिलाड़ी देने की अपनी परंपरा को कायम रखा है। प्रशिक्षक व ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि राजिंद्र दोनों प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन कर भारत के साथ-साथ सिरसा का नाम भी विश्व पटल पर रोशन करेंगे। कोच हरविंद्र सिंह ने बताया कि जीवन नगर स्थित नामधारी संस्था के सतगुरु उदय सिंह जी युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

संस्था की ओर से फुटबॉल, बैडमिंटन और हॉकी सहित विभिन्न खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि राजिंद्र की सफलता भी इसी सकारात्मक खेल संस्कृति, संस्था के प्रोत्साहन और वर्षों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। वहीं जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) सुनील कुमार ने राजिंद्र सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि राजिंद्र आगामी दोनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए गौरव हासिल करेंगे।