JCD IBM Sirsa में ‘अल्फाज़-ए-ख़ास 2026’ की धूम, नवाबी थीम पर विद्यार्थियों ने बिखेरा जलवा
mahendra india news, new delhi
जेसीडी विद्यापीठ के जेसीडी इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट SIRSA में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘अल्फाज़-ए-ख़ास 2026’ फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जेसीडी विद्यापीठ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह (सेवानिवृत्त) ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर सीखने और ज्ञान अर्जित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यापीठ के महानिदेशक प्रो. जय प्रकाश, रजिस्ट्रार डॉ. सुधांशु गुप्ता तथा विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य भी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह ने विद्यार्थियों से बीबीए और एमबीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के दौरान उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का भरपूर लाभ उठाने, जिज्ञासु बने रहने, प्रश्न पूछने और शिक्षकों के मार्गदर्शन से अधिकाधिक ज्ञान अर्जित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट करने, मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रोशन लाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का आयोजन कन्वीनर प्रो. रोशन लाल, को-कन्वीनर डॉ. रंदीप कौर तथा सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. रेनू कंबोज के मार्गदर्शन में किया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘नवाबी’ रही, जिसके अनुरूप विद्यार्थियों ने आकर्षक परिधानों में नृत्य, गायन और मॉडलिंग की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मॉडलिंग प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जेसीडी पीजी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की डॉ. कंवलजीत कौर तथा जेसीडी कॉलेज ऑफ फार्मेसी की डॉ. अनीता कंबोज शामिल रहीं।
समारोह के दौरान चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीबीए एवं एमबीए के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बीबीए द्वितीय सेमेस्टर में निकिता ने प्रथम, डिंपल ने द्वितीय तथा मन्नत ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। बीबीए चतुर्थ सेमेस्टर में जैस्मिन ने तृतीय, जोतपाल ने चतुर्थ तथा नवनीत ने छठा स्थान हासिल किया।
एमबीए द्वितीय सेमेस्टर में मुस्कान मेहता ने तृतीय, दीक्षा ने चतुर्थ, कपिल ने छठा, सिमरनजीत कौर ने सातवां, सान्या सेठी ने आठवां, नीरज कुमार ने नौवां तथा हर्ष ने दसवां स्थान प्राप्त किया। एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर में दृष्टि ने प्रथम, जशन ने द्वितीय तथा नीलम ने तृतीय स्थान हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।

फ्रेशर टाइटल प्रतियोगिता में बीबीए वर्ग में जोवनप्रीत को मिस्टर फ्रेशर और अर्शप्रीत को मिस फ्रेशर चुना गया। स्टीवन एवं सरबजीत ने क्रमशः मिस्टर और मिस पर्सनैलिटी, चिराग ने मिस्टर अटायर, झलक ने मिस अटायर, गुरसेवक ने मिस्टर ईव तथा दृष्टि ने मिस ईव का खिताब जीता।
एमबीए वर्ग में हरि सुथार को मिस्टर फ्रेशर और अंजलि को मिस फ्रेशर चुना गया। परव अरोड़ा एवं सिमरनजीत कौर को क्रमशः मिस्टर और मिस पर्सनैलिटी, योधवीर सिंह को मिस्टर ईव तथा कमलजीत को मिस ईव का खिताब प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक दोपहर भोज के साथ हुआ। ‘अल्फाज़-ए-ख़ास 2026’ ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत उत्साह एवं उमंग के साथ करने का अवसर प्रदान किया।
