अखिल भारतीय सेवा संघ के राष्ट्रीय विस्तार अभियान को मिल रहा अभूतपूर्व समर्थन: डा. इंद्र गोयल
mahendra india news, new delhi
अखिल भारतीय सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इंद्र गोयल ने बताया कि संगठन द्वारा पूरे भारत में सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक विशेष राष्ट्रीय विस्तार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत देश के सभी 28 राज्यों तथा 8 केंद्र शासित प्रदेशों में प्रदेश संयोजकों की नियुक्ति की जा रही है।
डॉ. गोयल ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी अभियान के अंतर्गत अब तक 18 राज्यों में प्रदेश संयोजकों की नियुक्ति सफलतापूर्वक की जा चुकी है। नियुक्त किए गए संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के प्रचार-प्रसार, नई शाखाओं के गठन, सदस्यता अभियान तथा विभिन्न सामाजिक सेवा परियोजनाओं को गति प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय सेवा संघ का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा की भावना को पहुंचाना है। संघ द्वारा नशा मुक्ति अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा सहायता, व्यक्तित्व विकास शिविर, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम तथा अन्य अनेक जनहितकारी कार्य निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि आने वाले समय में प्रत्येक राज्य, जिला एवं तहसील स्तर पर संगठन की मजबूत इकाइयों का गठन किया जाएगा, जिससे सामाजिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। संगठन का लक्ष्य देश के प्रत्येक कोने में सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाना है। डॉ. इंद्र गोयल ने समाजसेवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, युवा वर्ग तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े सभी जागरूक नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रव्यापी सेवा अभियान से जुड़ें और अपने प्रदेश, जिले एवं क्षेत्र में अखिल भारतीय सेवा संघ का कार्यभार संभालकर समाज सेवा के इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जो भी समाजसेवी अपने क्षेत्र में संगठन का दायित्व संभालने के इच्छुक हैं, वे अखिल भारतीय सेवा संघ से संपर्क कर प्रदेश, जिला अथवा स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी ग्रहण कर सकते हैं। सभी के सहयोग से शीघ्र ही अखिल भारतीय सेवा संघ देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। डॉ. गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के प्रबुद्ध एवं सेवाभावी व्यक्तियों के सहयोग से संगठन का यह विस्तार अभियान नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा देशभर में सेवा और मानवता की एक नई मिसाल स्थापित करेगा। संगठन के विस्तार को गति देने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं जिला इकाई के सदस्य सभी इस मुहिम में अपनी अपनी आहुति डाल रहे हैं।
