बढ़ती गर्मी के बीच सरकार ने गर्मियों की छुट्टियों का कर दिया ऐलान, कल से 30 जून तक रहेंगे स्कूल बंद
पिछले कई दिनों से गर्मी का असर दिल्ली में ज्यादा बढ़ रहा है। जिसको लेकर दिल्ली सरकार ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। स्कूल में सोमवार यानि 11 मई से 30 जून तक छुटिटयां रहेंगी। यानी छात्रों को 11 मई से स्कूल नहीं आना होगा और स्कूल के छात्र 30 जून तक छुट्टियों का आनंद ले सकेंगे। इसके मद्देनजर शिक्षा निदेशालय ने आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
हालांकि, इस दौरान प्रदेश सरकार ने नौवीं, दसवीं और 12वीं के छात्रों के लिए रेमेडियल क्लासेस लगाई जाएंगी। इन क्लासों का मकसद छात्रों के कमजोर विषयों पर ध्यान देना, इसी के साथ ही जरूरी पाठ दोहराना और पढ़ाई में सुधार करना है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, रेमेडियल क्लासेस 11 मई से 23 मई 2026 तक चलेंगी। इसके बाद छात्रों की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। यह क्लासेस स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं और अध्यापकों की मौजूदगी के हिसाब से आयोजित होगी। रेमेडियल क्लासेस सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े दस बजे तक होंगी। वहीं अध्यापकों को सुबह 7 बजकर 20 मिनट से 11 बजे तक स्कूल में रहना होगा। क्लासों में कुल 3 पीरियड होंगे और हर पीरियड एक घंटे का होगा।
स्कूलों में नौवीं और दसवीं के छात्रों के लिए खास तौर पर साइंस और मैथ्स विषय पर फोकस किया जाएगा। जरूरत पडऩे पर स्कूल अन्य विषय भी शामिल कर सकते हैं। वहीं 12वीं के छात्रों के लिए विषयों का चयन उनकी पढ़ाई की जरूरत के अनुसार किया जाएगा।
बता दें कि स्कूलों को छुट्टियां शुरू होने से पहले रेमेडियल क्लासों का टाइम-टेबल तैयार कर शिक्षा विभाग को भेजना होगा। छात्रों और अभिभावकों को इसकी जानकारी पहले ही दे दी जाएगी। रेमेडियल क्लासों में आने वाले छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म पहनना जरूरी होगा और अभिभावकों की अनुमति भी लेनी होगी।
इसके अलावा छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज होगी। स्कूलों के पुस्तकालय भी खुले रहेंगे ताकि छात्र पढ़ाई कर सकें और किताबें ले सकें। स्कूल प्रशासन को साफ पीने के पानी और दूसरी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम करने के निर्देश दिए गये हैं।
हरियाणा प्रदेश में आज रात्रि से बदलेगा मौसम, होगी झमाझम बरसात
हरियाणा प्रदेश में एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हरियाणा आज रविवार रात्रि सेे मौसम में बदलाव होगा। नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण सोमवार से प्रदेश में फिर से बरसात की संभावना जताई जा रही है। पिछले दिनों में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने के कारण तापमान बढ़ा है और हरियाणा प्रदेश के जिला सिरसा का तापमान 39.3 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानियों ने आने वाले दिनों में बरसात से तापमान फिर से कम होने की संभावना व्यक्त की है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मौसम में परिवर्तन हो रहा है। रविवार के दिन हवाएं चल रही हैं। वहीं आने वाले दिनों में लगातार बरसात से तापमान फिर से कम होने की उम्मीद है। पिछले दिनों हुई वर्षा के चलते तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया था।
इस तरफ बढ़ेगा पश्चिमी विक्षोभ
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिकों ने मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विवि कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदनलाल खिचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 14 मई 2026 तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान रविवार 10 मई रात्रि को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढऩे तथा राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की उम्मीद है। इसी के आंशिक प्रभाव से 11 से 13 मई के दौरान हरियाणा में आंशिक बादलवाई रहने तथा बीच-बीच में हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवाओं व गरज-चमक के साथ राज्य में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बरसात की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में अधिक बदलाव न होने तथा रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
