SIRSA के गांव में उधारी मांगने पर हुई रंजिश में बुजुर्ग की हत्या,मामले में मास्टर माइंड सहित 4 लोगों को पुलिस ने दबोचा
Mahendra india news, new delhi
सिरसा पुलिस ने गांव कुरंगावाली में बीते दिनों हुई बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। हत्या जैसे जघन्य अपराध में संलिप्त दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार गठित विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मृतक लीला गिर के बेटे हरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट बस चालक है। उसने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति शंभू ने उससे एक हजार रुपये उधार मांगे थे, लेकिन पैसे न होने के कारण वह उसे राशि नहीं दे सका। इसी बात को लेकर शंभू उसके प्रति रंजिश रखने लगा।शिकायत के अनुसार, 4 मार्च की रात करीब 10:30 बजे शंभू अपने चार-पांच साथियों के साथ दीवार फांदकर उनके घर में घुस गया। उस समय उसका बुजुर्ग पिता घर के आंगन में सो रहा था।
आरोपियों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए, तो हमलावरों ने उसके 24 वर्षीय भाई गुरदीप को भी पकड़ लिया और उसे गली में घसीटकर ले गए। वहां भी उस पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे इलाज के लिए बठिंडा रेफर किया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया और मामले को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए। रोड़ी थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगपाल पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव कुरंगावाली तथा जगजीत सिंह उर्फ जग्गी पुत्र राम सिंह निवासी गांव झोरड़रोही जिला सिरसा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं दोनों नाबालिग आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में ऑब्जरवेशन हाल अंबाला व करनाल भेजा गया है।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस घटना में जो भी अन्य व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
