हरियाणा प्रदेश के शिक्षा मंत्री के काफिले पर गिरा बिजली का पोल; 4 पुलिसकर्मी घायल
हरियाणा प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। वीरवार शाम को कई जिलों में आंधी चली व बरसात हुई। हरियाणा प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर बरसात व तेज हवा के चलते बिजली का पोल गिर गया। इससे 4 पुलिस कर्मियों को चोटें आईं हैं। इस हादसे में शिक्षा मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा सीवन में नगरपालिका अध्यक्ष हेमलता सैनी के निवास पर एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए हुए थे। इसके बाद जब वह वापस रवाना हो रहे थे तो उनके काफिले के आगे थाना पुलिस सीवन की पायलट गाड़ी चल रही थी, इसमें थाना प्रभारी जय भगवान समेत कई पुलिस कर्मचारी सवार थे। इसके बाद जैसे ही काफिला कैथल-पटियाला मार्ग पर सीवन में ही डीएवी कालोनी के निकट पहुंचा तो अचानक मौसम बदल गया।
इसके बाद तेज हवा व बूंदाबांदी शुरू हो गई। तेज हवा के कारण सडक़ के किनारे लगा एक बड़ा बिजली का पोल अचानक उखडक़र पायलट गाड़ी पर जा गिरा। पोल गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में पायलट गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रदेश में राजस्थान सीमा के साथ लगते जिलों में वीरवार शाम को अचानक से मौसम में बदलाव हुआ और आसमान रेत की चादर में लिपट गया। इसके साथ ही 14 शहरों में वर्षा हुई। वर्षा से तापमान में कमी आई है।
