कबीर वाटिका में जयंती के उपलक्ष्य में हुआ कार्यक्रम, वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कार्यक्रम को किया संबोधित
mahendra india news, new delhi
संत कबीरदास जयंती के उपलक्ष्य में डबवाली रोड स्थित कबीर वाटिका में भव्य कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने संत कबीरदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा उपस्थित लोगों को संत कबीर के विचारों पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
गोबिंद कांडा ने कहा कि संत कबीरदास ने समाज को सत्य, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। आज के समय में उनके विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज को आगे बढ़ाना है तो युवाओं को शिक्षा की ओर अग्रसर होना होगा और नशे जैसी सामाजिक बुराई से पूरी तरह दूरी बनानी होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संत कबीर से प्रेरणा लेकर शिक्षित बनें, समाज की सेवा करें तथा नशे का त्याग कर परिवार और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। गोबिंद कांडा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे। उन्होंने कहा कि संत कबीर का जीवन हमें सादगी, सत्य और सेवा का संदेश देता है तथा इन्हीं मूल्यों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान गोबिंद कांडा ने कबीर वाटिका में आयोजित भंडारे के लिए 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। ऐसे आयोजनों में सभी लोगों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। संजय कॉलोनी के लोगों ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को गोबिंद कांडा के समक्ष रखा। क्षेत्रवासियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट गंभीर रूप ले लेता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर गोबिंद कांडा ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा के निजी कोष से संजय कॉलोनी की पेयजल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी तथा लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नया ट्यूबवेल भी स्थापित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से भी इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
गोबिंद कांडा ने कहा कि कांडा परिवार हमेशा से सिरसा की जनता की सेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा, कांडा परिवार सिरसा का सेवादार परिवार है। राजनीति हमारे लिए सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का एक जरिया है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान ही उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी गोबिंद कांडा द्वारा संजय कॉलोनी की पेयजल समस्या के समाधान की घोषणा का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
समारोह के दौरान संत कबीर के जीवन और उनके संदेशों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि संत कबीर ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता को सर्वोपरि माना। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर आयोजकों द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, नगर परिषद के अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप सहित फतेहाबाद व सिरसा जिला के अन्य क्षेत्रों से आए सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों को पटका पहना व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर रत्न सिंह बोमरा, काकू कोचर, राजू नागर, धर्मेन्द्र प्रधान, मा. सुभाष सोलंकी, संत श्री कबीर वाटिका ट्रस्ट के प्रधान राजू लाडवाल, सतपाल राजा, मा. ओमप्रकाश, राकेश फ्रंड, राजिन्द्र लाडवाल, देवी महंत, रमेश फ्रंड, हवा सिंह, प्रियंका बोमरा, नगर पार्षद राजन शर्मा, सुनील बोमरा, राजेन्द्र गनेरीवाला, इंद्रोष गुर्जर, संजय साहुवाला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
