SIRSA एसपी दीपक सहारन का एक साल बेमिसाल, 23 करोड़ के नशे की खेप जब्त, 1013 तस्कर सलाखो के पीछे भेजे
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार रंग ला रही है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में पिछले एक साल के दौरान जिला पुलिस ने नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों और जुआरियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसपी दीपक सहारन ने 24 अक्टूबर 2025 को कार्यभार संभाला था। इसके बाद से पुलिस ने करीब 23 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद कर 1013 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, आठ आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश कर 13 इनामी बदमाशों सहित 220 भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया गया है।
526 मुकदमे दर्ज, भारी मात्रा में नशा बरामद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 526 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 6 किलो 797 ग्राम हेरोइन, 113 किलो 542 ग्राम अफीम, 1120 किलो 837 ग्राम डोडा चूरा पोस्त और 55 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मेडिकल नशे के कारोबार पर चोट करते हुए करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की 8 लाख 40 हजार नशीली गोलियां और कैप्सूल भी बरामद किए गए, जिन्हें आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले किया गया।
शराब, हथियार और जुए के धंधे पर भी कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ 223 मामले दर्ज कर 238 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 10,730 बोतल देसी शराब, 556 बोतल अवैध शराब, 514 बोतल अंग्रेजी शराब और 961 लीटर लाहन बरामद की गई। अवैध हथियारों के 50 मामलों में 66 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने 51 अवैध हथियार, 167 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद कीं। जुआ अधिनियम के तहत 80 मामले दर्ज कर 231 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 43 लाख 54 हजार रुपये की राशि बरामद की गई।
अपराधियों की संपत्ति पर भी चोट
SIRSA SP के अनुसार आठ आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश कर 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों की करीब दो करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति भी बरामद की गई। एसपी दीपक सहारन ने दो टूक कहा कि सिरसा से नशा खत्म होने तक नशा तस्करों के खिलाफ जंग जारी रहेगी। नशा बेचने वालों को किसी भी सूरत में जिले में पैर नहीं पसारने दिए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करों और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही नशे की गिरफ्त में आए लोगों का उपचार करवाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी जोर दिया।
