home page

SIRSA में टेलीग्राम ऐप के जरिए 12.22 लाख रुपये की साइबर ठगी में एक और आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार

 | 
NEWS

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 12 लाख 22 हजार 165 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में सिरसा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक अन्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रशांत कुमार निवासी नंदग्राम, अहमद नगर, नया बास, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

साइबर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर ठगी के इस मामले में आरोपी को काबू किया गया है। उन्होंने बताया कि रानियां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 11 अक्टूबर 2025 को उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से फोन आया। फोन करने वालों ने उसे टेलीग्राम ऐप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोपियों ने उसे लिंक भेजकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

शुरुआत में साइबर ठगों ने पीड़ित की निवेश की गई रकम पर मुनाफा दिखाया और पैसे उसके खाते में भेजे। इससे पीड़ित को भरोसा हो गया और वह ज्यादा कमाई के लालच में लगातार निवेश करता चला गया। देखते ही देखते उसने कुल 12 लाख 22 हजार 165 रुपये लगा दिए। जब उसने अपनी रकम वापस निकालने का प्रयास किया तो टेलीग्राम लिंक बंद मिला और उसके साथ हुई ठगी का पता चला। प्रेम कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर 12 अक्टूबर 2025 को साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान आरोपी प्रशांत कुमार को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है। ठगी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now