स्वामी विवेकानंद स्कूल अरनियावाली की पूर्व छात्रा अंशुल वालिया का नेवी ट्रेनिंग पूरी कर लौटने पर भव्य स्वागत
स्वामी विवेकानंद स्कूल, अरनियावाली की पूर्व छात्रा अंशुल वालिया द्वारा भारतीय नौसेना की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने गाँव लौटने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल रहा। गाँव एवं विद्यालय स्तर पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बाबूलाल वालिया (रिटायर्ड सूबेदार) उपस्थित रहे। जैसे ही अंशुल वालिया ने नेवी की वर्दी में गाँव में प्रवेश किया, पिता राजेश वालिया, माता पूजा वालिया एवं दादा भूप सिंह वालिया भावुक हो उठे। बेटी को देश की सेवा की वर्दी में देखकर उनकी आँखों में खुशी के आँसू छलक पड़े।
अंशुल वालिया का स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया। उन्हें खुली गाड़ी में बैठाकर पुष्पवर्षा करते हुए पूरे गाँव में भ्रमण कराया गया। ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।
इसके पश्चात स्वामी विवेकानंद स्कूल, अरनियावाली में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय पहुँचने पर स्कूल के बच्चों ने अनुशासनबद्ध तरीके से गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंशुल वालिया का सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में बने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निशा गुप्ता, कुलवंतो बेनीवाल, एकता बेनीवाल, सरला खोत रामकृष्ण खोथ, निहाल सिंह खोथ विद्यालय स्टाफ ने अंशुल वालिया का स्वागत किया। इस अवसर पर पिता एवं दादा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में धर्मपाल चौधरी, जोनी वालिया, रणजीत वालिया, महावीर फौजी, नौरंग कड़वा, देवीलाल नेहरा, मांगेराम खोथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अंशुल वालिया की उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
