खेल नर्सरी योजना 2026-2027 के तहत 15 फरवरी तक करें आवेदन
mahendra india news, new delhi
खेल विभाग द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल नर्सरी योजना 2026-2027 के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सरकारी स्कूल, ग्राम पंचायत व निजी शिक्षण संस्थानों में खेल नर्सरी स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है। जिला खेल अधिकारी जगदीप सिंह ने बताया कि खेल नर्सरी के लिए केवल ओलम्पिक, एशियन व कॉमनवेल्थ खेलों में सम्मिलित चुनिंदा खेलों के लिए नर्सरियां खोली जाएंगी। सभी पात्र, विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संबधित वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटहरियाणास्पार्टसॉटजीओवीडॉटइन पर समय रहते अपना आवेदन करना सुनिश्चित करें ताकि खेल नर्सरी आबंटन के लिए प्रक्रिया पूरी की जा सके।
खेल नर्सरियों की स्थापना के लिए आवश्यक हिदायतें
खेल विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार प्रत्येक खेल नर्सरी का कार्यकाल 1 अप्रैल से 31 जनवरी तक रहेगा। खेल नर्सरियां केवल उन्हीं खेलों में संचालित की जाएंगी जो ओलंपिक, एशियन तथा कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल हैं। नर्सरियों में 8 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन जिला खेल अधिकारी की निगरानी में खेल एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक खेल नर्सरी में न्यूनतम 20 एवं अधिकतम 25 खिलाड़ी होंगे, जबकि 10 खिलाड़ियों की प्रतीक्षा सूची रखी जाएगी। खिलाड़ियों की संख्या 20 से कम होने पर नर्सरी को बंद कर दिया जाएगा। एक ही संस्था को दो से अधिक खेल नर्सरियों का आवंटन नहीं किया जाएगा।
22 दिन की उपस्थिति अनिवार्य
खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण के साथ-साथ छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में दी जाएगी। इसके लिए न्यूनतम 22 दिन की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
प्रात: एवं सायं कालीन सत्र में होता है प्रशिक्षण
प्रात: सत्र कम से कम 2 घंटे तथा सायं कालीन सत्र न्यूनतम 3 घंटे का रहेगा। खिलाड़ियों की उपस्थिति, प्रशिक्षण एवं फीडबैक की निगरानी के लिए ऐप-आधारित प्रणाली लागू की जाएगी। किसी भी संस्था या प्रशिक्षक द्वारा खिलाड़ियों से किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नर्सरी को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा तथा संबंधित संस्था/प्रशिक्षक के विरुद्ध प्रशासनिक, दीवानी अथवा आपराधिक कार्रवाई की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक माह खेल नर्सरियों का निरीक्षण किया जाएगा और वर्ष में कम से कम एक बार जिला अथवा राज्य स्तर पर इंटर-नर्सरी प्रतियोगिता का आयोजन अनिवार्य होगा। खेल नर्सरी योजना का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर प्रतिभावान खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का अवसर देना है।
