एक करोड़ 47 लाख के 12 प्रोजेक्ट को मिली स्वीकृति, SIRSA में 295 लाभार्थियों को मिलेगा रोजगार
Mahendra india news, new delhi
प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत जिला के 295 नागरिकों को रोजगार के अवसर मुहैया करवाए जाएंगे, जिससे न केवल वे स्वयं आत्मनिर्भर बनेंगे बल्कि प्रतिष्ठान स्थापित कर औरों को भी रोजगार देंगे। सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन एवं कन्वर्जेन्स समिति की बैठक में एक करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपये के 12 प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई।
जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण और अन्त्योदय (सेवा) विभाग, हरियाणा द्वारा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय योजना) संचालित की जा रही है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के जनसंख्या बहुल गांवों में विकास कार्य करना, रोजगार का उत्सर्जन करके एससी वर्ग के लोगों की आय बढ़ाना, रोजगार और कौशल विकास के माध्यम से सामाजिक व आर्थिक उत्थान करना है। योजना के 'अनुदान सहायता' घटक के अन्तर्गत सामाजिक व आर्थिक रुप से कमजोर नागरिकों को रोजगार शुरु करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, ताकि इस योजना का लाभ प्राप्त करके पात्र लाभार्थी आत्मनिर्भर बन सकें।
यह योजना अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम हरियाणा द्वारा संचालित की जाती है, इस स्कीम के अन्तर्गत सिरसा इस जिला कार्यालय द्वारा वाणिज्यिक वाहन खरीद, डिजिटल फ़ोटो स्टूडियो, कॉस्मेटिक शॉप, टी शर्ट प्रिंटिंग, ड्रोन, एआई, आईटी प्रोजेक्ट, सैलून, ब्यूटी पार्लर, क्लॉथ शॉप- हैंडलूम शॉप, फोटोस्टेट-ऑनलाइन वर्क शॉप, हाई टेक कार-बाइक वाशिंग सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक शॉप, फ्लेक्स प्रिंटिंग शॉप जैसे कुल 12 प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए हैं। बैठक में इन सभी प्रोजेक्ट पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई है। बैठक में श्रवण बेनीवाल, प्रवीण, हरीश कुमार, कुलदीप सिंह, डॉ सज्जन कुमार, डॉ दर्शना सिंह, डॉ संजय सहित अन्य अधिकारी और समिति सदस्य मौजूद रहे।
