home page

सिरसा में मुख्यमंत्री दौरे को लेकर करीब 850 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा, चप्पे चप्पे पर रहेंगे पुलिस जवान

 | 
news

mahendra india news, new delhi
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरसा में भव्य राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित होगा, जिसमें नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा, मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक प्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाएं भाग लेंगी।

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उपायुक्त शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पुलिस लाइन सिरसा से लेकर सीडीएलयू तक सभी रूटों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ अन्य वैकल्पिक मार्गों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सफाई, मोबाइल टॉयलेट्स, वीवीआईपी एवं मीडिया गैलरी, चेकिंग पॉइंट, हेलीपैड तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड, डॉक्टरों की टीम तथा एंबुलेंस की तैनाती के स्थानों का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

WhatsApp Group Join Now

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। तैयारियों का मुख्य उद्देश्य कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करना और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक प्रबंधन किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करते हुए उनका सहयोग लें तथा असामाजिक और संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर सीसीटीवी के जरिए विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सिरसा पुलिस के करीब 850 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालते हुए पूरी तरह अलर्ट रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चप्पे-चप्पे की गहन जांच की जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी प्रकार की चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस के नाके लगाए गए हैं और कई मार्गों पर रूट डायवर्ट किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि शहर में आने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और वीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि बिना किसी आपात स्थिति के वाहन लेकर शहर में प्रवेश न करें तथा वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। वाहन मालिक अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा न करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। नाकों और पार्किंग स्थलों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।