एवीआई पब्लिक स्कूल SIRSA में धूमधाम से मनाया गया अरूट महाराज का जन्मदिवस
Mahendra india news, new delhi
सिरसा श्री अरोड़वंश समाज के युग प्रवर्तक श्री अरूट जी महाराज का जन्मदिवस अरोड़ा समाज की तरफ से खाजाखेड़ा रोड स्थित एवीआई पब्लिक स्कूल में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। सचिव अश्विनी खन्ना ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता अरोड़वंश सभा के प्रधान विरेंद्र बाहिया ने की, जबकि एवीआई पब्लिक स्कूल की चेयरमैन सुनीता सेतिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कार्यक्रम की शुरूआत अरूट जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से की गई। सभी उपस्थित महानुभावों ने अरूट महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात देश व प्रदेश की खुशहाली के लिए हवन यज्ञ किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने आहूति डालकर पुण्य कमाया। इस मौके पर सुनीता सेतिया ने कहा कि अरुट महाराज भगवान श्रीराम के वंशज थे और उन्होंने भगवान परशुराम से शिक्षा ग्रहण की। उन्होंने कहा कि जब-जब भी देश या धर्म पर कोई संकट आया तो अरोड़ा बिरादरी ने अरूट जी महाराज के सिद्धांतों पर चलते हुए कुर्बानियां देकर देश और धर्म की रक्षा की। अरोड़ा बिरादरी की ओर से जहां देश हित के लिए कार्य किए जा रहे हैं, वहीं शहर में अरोड़ा बिरादरी से संबंधित परिवारों को साथ लेकर सामाजिक कार्य भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अरोड़ा बिरादरी द्वारा परिवार मिलन समारोह कराना, मेडिकल कैंप लगाना, रक्तदान कैंप लगाना, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना, दिव्यांग महिलाओं को व्हीलचेयर देना, अरोड़ा बिरादरी से संबंधित परिवारों के बच्चों को शिक्षित करने सहित अनेक सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों व बढ़ रही नशे की लत के बारे में समाज को जागरूक किया। इस मौके पर सुनीता सेतिया ने स्कूल में नवनिर्मित लिफ्ट का भी शुभारंभ किया। मंच संचालन एडवोकेट नरेश मलिक ने बखूबी किया। इस मौके पर पूर्व पार्षद प्रेम सहगल, गुलशन गाबा, तिरलोकी मेहता, केदार पाहवा, चंद्र ग्रोवर, बंटी अरोड़ा, बिटू बतरा, बीडी सर, विकास लूथरा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
