सिरसा के अलख निरंंजन भवन में कांडा परिवार ने किया 551 कन्याओं का पूजन, उपहार भेंट कर लिया आशीर्वाद
mahendra india news, new delhi
शारदीय नवरात्र की पावन दुर्गा अष्टमी पर रानियां रोड स्थित पूर्व मंत्री गोपाल कांडा और गोबिंद कांडा के आवास अलख निरंंजन भवन में कंजक पूजन कार्यक्रम (कन्या पूजन) किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम 551 कन्याओं के चरण धोये गए, उन्हें तिलक लगाकर और आसन पर बैठाकर भोजन कराया। कांडा परिवार के सदस्यों ने सभी कन्याओं से आशीर्वाद लिया और उन्हें फल और उपहार भेंट किए।

दुर्गा अष्टमी पर अलख निरंंजन भवन में सबसे पहले पंडित संदीप अगस्त्य शर्मा और पंडित आशुतोष पांडे व प्रिंस रिछारिया ने मां दुर्गा का पूजन विधि विधान के साथ करवाया। कांडा परिवार के सदस्यों ने मां दुर्गा की आरती की और प्रसाद का भोग लगाया। कन्या पूजन पर सबसे पहले श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा, उनकी धर्मपत्नी सरिता कांडा, भाई स्व. महान कांडा की धर्मपत्नी संगीता कांडा, धैर्य कांडा और लाभांशी कांडा आदि ने सभी कन्याओं का घर आगमन पर स्वागत करते हुए शुद्ध जल में हल्दी मिलाकर उनके चरण धोये। सभी को तिलक लगाया गया।
सभी को आसन पर बैठाकर उन्हें भोजन करवाया, भोजन रूपी प्रसाद में पूरी, हलवा, नारियल परोसा गया। उन्हें फल और उपहार भेंट किए गए। लाभांशी भी कन्या पूजन में शामिल हुई। भोजन के बाद सभी कन्याओं ने बारी बारी से कांडा परिवार के सभी सदस्यों को आशीर्वाद प्रदान किया। मान्यताओं के अनुसार कन्या पूजन के दिन कन्या और बटुक की पूजा करने से मां भगवती प्रसन्न होती हैं और धन-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।
