प्राचीन श्री श्याम मंदिर में 63वें श्री श्याम कार्तिक मेला महोत्सव की, बाबा श्याम की भव्य रथयात्रा निकलेगी, कीर्तन में गूंजेगा श्याम नाम
mahendra india news, new delhi
सिरसा नोहरिया बाजार स्थित शहर के ऐतिहासिक प्राचीन श्री श्याम मंदिर में आयोजित होने वाले 63वें श्री श्याम कार्तिक मेला महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में श्री लखदातार उत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। मंदिर सह संरक्षक तेजपाल शर्मा की मौजूदगी में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों, धार्मिक कार्यक्रमों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मेला महोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की गई। मेला महोत्सव के दौरान बाबा श्याम की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।
यात्रा में बाबा श्याम का भव्य रथ विशेष श्रद्धा का केंद्र रहेगा। श्याम भक्त रथयात्रा में भजन-कीर्तन करते हुए बाबा का गुणगान करेंगे। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने वाली रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिलेगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में भव्य श्याम कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। कीर्तन में भजन गायकों द्वारा बाबा श्याम के भजनों का गुणगान किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण श्याममय होगा। श्रद्धालु बाबा के भजनों पर झूमते हुए अपनी हाजिरी लगाएंगे और बाबा श्याम से सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। बैठक में मंदिर की साज-सज्जा, रथयात्रा के मार्ग, कीर्तन कार्यक्रम, श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था, प्रसाद वितरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोजन से जुड़े सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने तथा व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया गया।
तेजपाल शर्मा ने कहा कि श्री श्याम कार्तिक मेला महोत्सव सिरसा की धार्मिक आस्था का प्रमुख आयोजन है। 4 दिन चलने वाले 63वें मेले को लेकर श्याम भक्तों में विशेष उत्साह है। बाबा श्याम की रथयात्रा और कीर्तन सहित सभी धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति भावना के साथ आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन में शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मेला महोत्सव के दौरान भक्ति, सेवा और श्याम नाम की गूंज से पूरा शहर भक्तिमय नजर आएगा।
इस मौके पर योगी शर्मा, अशवनी बंसल, रमन सराफ, राजू सराफ, विकास कोचरी, नवीन गोयल, राजीव वधवा, भारती शर्मा, ललित मोंगा, दीपक वधवा, समीर सिंगला, पंकज शर्मा, रजत कंदोई, राजेश बंसल, अनिल गाबा, शुभम भरतिया, दीपक गुप्ता, हेमन्त साहुवाला, मनीष सोनी, राजू शर्मा, देवेंद्र मोदी, बजरंग पारीक, नरेश पारीक, मनोज कौशिक, राकेश शर्मा, अनिल सोलंकी, सुधीर मरोदिया, प्रवीण महिपाल,प्रदीप ढाका, नितेश गर्ग,जतिन सोनी,योगेश शर्मा, राजेश गोयल,मुकेश बंसल, कमल अग्रवाल इत्यादि मौजूद रहे।
