भाविप शहीद भगत सिंह शाखा ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
सिरसा। भगवान परशु राम जन्मोत्सव पर भारत विकास परिषद शहीद भगत सिंह शाखा द्वारा भगवान परशु राम चौक, सिरसा में माल्यार्पण किया गया। शाखा अध्यक्ष राम प्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष डा. गौरव खुराना, सचिव सुनील कुमार, पूर्व अध्यक्ष विकास मेहता, अविनाश कांत शर्मा, विनोद कुमार जग्गा शाखा संरक्षक, राम स्वरूप मेहता, रूपेश जिंदल, अशोक गांधी द्वारा भगवान विष्णु जी के छठे अवतार जिन को अमर होने का वरदान प्राप्त है के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आज ही के दिन ही गंगा मैया स्वर्ग से पृथ्वी पर उतरी थी। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम बचपन से ही तपस्वी और तेजस्वी थे। उन्होंने कठोर तप करके भगवान शिव को प्रसन्न किया। उनकी भक्ति से खुश होकर भगवान शिव ने उन्हें अपना दिव्य अस्त्र परशु दिया। इसी परशु की वजह से उनकी पहचान बनी और वे परशुराम कहलाए।
यह अस्त्र सिर्फ एक हथियार नहीं था, बल्कि धर्म की रक्षा का प्रतीक था। भगवान परशुराम को शस्त्र और शास्त्र दोनों का ज्ञाता माना जाता है। वे सात चिरंजीवियों में से एक हैं, यानी वे आज भी इस पृथ्वी पर वास करते हैं। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के दिन विधि-विधान से भगवान विष्णु और उनके अवतार परशुराम जी की पूजा करने से व्यक्ति के जीवन से हर प्रकार का भय, दरिद्रता और संकट दूर हो जाता है।
