home page

किसानों की मांगों को लेकर बीकेई 5 अगस्त को सिरसा में करेगी विशाल प्रदर्शन: लखविंदर सिंह औलख

 | 
BKE to hold massive protest in Sirsa on August 5 over farmers' demands: Lakhwinder Singh Aulakh

mahendra india news, new delhi
सिरसा। भारतीय किसान एकता (BKE) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने अपने कार्यालय में सर्वप्रथम अमर शहीद ऊधम सिंह की शहादत को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। औलख ने बताया कि भारतीय किसान एकता (बीकेई) के बैनर तले किसानों एवं मजदूरों की विभिन्न राष्ट्रीय तथा स्थानीय मांगों को लेकर बुधवार, 5 अगस्त को सिरसा में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी किसान एवं मजदूर भाई प्रात: 10:30 बजे जाट धर्मशाला, सिरसा में एकत्रित होंगे, जहां से मार्च निकालते हुए उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचकर जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार को मांग-पत्र सौंपा जाएगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की मांगों में अमेरिका सहित अन्य देशों के साथ किए जा रहे किसान विरोधी कर-मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) को रद्द करना, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार सी-2 + 50 प्रतिशत के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित कर एमएसपी खरीद गारंटी कानून लागू करना, किसानों एवं मजदूरों की संपूर्ण कर्ज मुक्ति, बिजली संशोधन विधेयक एवं सीड्स बिल को रद्द करना शामिल है। इसके अतिरिक्त दिल्ली में विद्यार्थियों पर हुए अत्याचार तथा पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में भी मांग-पत्र सौंपा जाएगा।

औलख ने कहा कि हरियाणा एवं सिरसा जिले से संबंधित स्थानीय मांगों में किसानों को पर्याप्त नहरी पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना, एग्रीकल्चरल ग्रेड की यूरिया खाद को टेक्निकल ग्रेड के कट्टों में भरकर बेचने वालों के खिलाफ हुए मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं, लेकिन अभी भी मास्टरमाइंड पुलिस की पकड़ से बाहर हैं उन पर तुरंत कार्रवाई की जाए। खरीफ-2020 का लंबित मुआवजा जारी करना, खरीफ 2023, 2024 एवं 2025 की फसल बीमा प्रीमियम राशि किसानों को वापसी करने की बजाय बीमा क्लेम जारी किया जाए,

WhatsApp Group Join Now

गांव शाहपुरिया के किसानों का वर्ष 2025 का लंबित बीमा क्लेम जारी करना तथा गांव वेदवाला में बिना मुआवजा दिए बिजली के टावर एवं तार लगाने के विरोध में जिला प्रशासन और सरकार की तानाशाही के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने सभी किसान, मजदूर एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे बुधवार, 5 अगस्त को सुबह 10:30 बजे जाट धर्मशाला, सिरसा पहुंचकर इस प्रदर्शन को सफल बनाएं और किसानों-मजदूरों की आवाज को मजबूत करें। इस अवसर पर भारतीय किसान एकता (बीकेई) के गुरजीत सिंह मान, विशाल कुमार, रजनीश नेजिया, राजेंद्र कंबोज तथा सुखविंदर जाखड़ (बनवाला) सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।