नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के बहादुर युवाओं को हिजरावा खुर्द में किया सम्मानित, छह लोगों की बचाई थी जिंदगी
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में गाँव माखोसरानी के 11 फरवरी 2026 को अपनी जान की परवाह किए बिना छह लोगों की जिंदगी बचाने वाले 4 बहादुर नौजवानों को गांव हिजरावा खुर्द में मक्खन सिंह (जर्मनी वाले) के निवास स्थान पर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार मक्खन सिंह अपने परिवार सहित पत्नी सुनीता, पुत्रवधू जीतो बाई, आर्यन, विवेक, पोते तथा बहन तारो के साथ कार द्वारा अपने भांजे सुभाष की शादी में शामिल होने के लिए रामसरा (राजस्थान) जा रहे थे।
रात करीब 7:30 बजे नहर के साथ बनी सडक़ पर एल-टाइप मोड़ के पास सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट के कारण उनकी कार अनियंत्रित होकर सिरसा जिले के गाँव माखोसरानी के पास नोहर फीडर नहर में जा गिरी। कार के नहर में गिरते ही परिवार के लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे डॉ. राजेश सिद्धू ने घटना देख तुरंत आवाज लगाई और आसपास के लोगों को बुलाया। ढाणी निवासी प्रमोद कसानिया, प्रदीप कसानिया, रमेश भाकर तथा पुलिस जवान प्रवीन और 112 इंचार्ज विजय ने बिना अपनी जान की परवाह किए नहर में उतरकर पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को चोपटा अस्पताल भेजा गया। बाद में परिवार के सदस्य प्रिंसिपल हंसराज को सूचना दी गई, जिन्होंने सभी को फतेहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हल्की चोटें होने के कारण छुट्टी दे दी गई।
इस साहसिक कार्य के लिए गांववासियों ने बहादुर युवाओं और पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनका आभार जताया।
इस अवसर पर ठाकुर भवानी सिंह, सरपंच करण सिंह, प्रिंसिपल गुलाब सुंडा, पूर्व चेयरमैन मुख्तार सिंह बाजीगर, मलकित सिंह, पूर्व सरपंच मक्खन बाजीगर, बाबू ढोट, सुखदेव अरोड़ा, नरेश कम्बोज, इंदर, बलदेव, लखबीर, प्रिंसिपल हंसराज, सुरेश, रामचंद चेयरमैन सहित गांव के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
