home page

बणी डिस्ट्रीब्यूटरी में क्षमता से अधिक पानी छोड़ने से नहर ओवरफ्लो, पंजुआना गांव की ढाणियों में घुसा पानी: लखविंदर सिंह औलख

 | 
Canal overflows due to the release of water beyond capacity into the Bani distributary; water enters the hamlets (dhaniyan) of Panjuwana village: Lakhwinder Singh Aulakh

mahendra india news, new delhi
बणी डिस्ट्रीब्यूटरी नहर की खस्ताहाल स्थिति और प्रशासनिक लापरवाही के चलते एक बार फिर किसानों व ग्रामीण इलाकों के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। भारतीय किसान यूनियन (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने पंजुआना गांव की 'सरदारों वाली ढाणियों' का दौरा कर मौके से स्थिति की जानकारी सांझा की। उन्होंने बताया कि गत रात्रि बणी डिस्ट्रीब्यूटरी नहर में उसकी क्षमता से काफी अधिक पानी छोड़ दिया गया, जिसके कारण नहर ओवरफ्लो होकर पंजुआना की सरदारों वाली ढाणियों के रिहायशी घरों में घुस गया।

इससे ग्रामीणों को भारी नुकसान व परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौके से स्थिति स्पष्ट करते हुए लखविंदर सिंह औलख ने बताया कि बणी डिस्ट्रीब्यूटरी की कुल जल वहन क्षमता 166 क्यूसिक है, लेकिन विभाग द्वारा लापरवाही बरतते हुए इसमें 200 क्यूसिक पानी छोड़ दिया गया। इसके परिणामस्वरूप नहर कई जगहों से ओवरफ्लो हो गई। सिंचाई विभाग ने अभी तक नहर को नहीं संभाला और जहां से लीकेज हो रही है, उसका कोई प्रबंध भी नहीं किया है। औलख ने हैरानी जताई कि एक तरफ जहां नहर के शुरूआती हिस्से (हेड) पर ओवरफ्लो होने से घरों में पानी घुस रहा है, वहीं दूसरी तरफ टेल (अंतिम छोर) तक पानी पहुंचने में लंबा समय लग रहा है। बाहिया गांव से लेकर बणी तक किसी भी गांव के वाटर वर्क्स तक पीने का पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।


जगह-जगह से लीक हो रही है नहर, रीमॉडलिंग की मांग:
बीकेई प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बनी डिस्ट्रीब्यूटरी नहर की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है और यह जगह-जगह से लीक हो रही है। हरियाणा सरकार और सिंचाई विभाग को इस गंभीर समस्या के बारे में बार-बार सूचित किया जा चुका है, इसके बावजूद नहर की रीमॉडलिंग (पुनर्निर्माण एवं मरम्मत) को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now


प्रमुख मांगें:
बणी डिस्ट्रीब्यूटरी नहर की तुरंत रीमॉडलिंग और विशेष मरम्मत करवाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की आपदा से बचा जा सके। पानी का उचित और समान वितरण सुनिश्चित किया जाए ताकि हेड पर ओवरफ्लो और टेल पर सूखे की स्थिति पैदा न हो। बाहिया से लेकर बनी तक के सभी प्रभावित गांवों के वाटर वर्क्स तक नियमित रूप से पेयजल पहुंचाया जाए। टेल तक किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो, ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे। इस मौके पर बीकेई जिला संरक्षक स. हरचरण सिंह पंजुआना, सरबजीत कंबोज, कुलतार सिंह कंवर, काका सिंह, बग्गा सिंह, भोला सिंह, दीपू गिल, रणधीर सिंह, इंद्रजीत सिंह, करणदीप सिंह, इंद्रजीत सिंह आदि किसान मौजूद रहे।