home page

CDLU SIRSA में कुलगुरु प्रो0 विजय कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय के कमेटी रूम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की हैंडबुक ऑफ़ इनफार्मेशन का विमोचन किया

 | 
mahendra indianews

mahendra indianews 
सिरसा 15 मई 2026। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रो0 विजय कुमार ने शुक्रवार को अपने कार्यालय के कमेटी रूम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की हैंडबुक ऑफ़ इनफार्मेशन का विमोचन किया तथा दाखिले से संबंधित ऑनलाइन पोर्टल को लॉन्च किया। यूनिवर्सिटी इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी, डाटा एंड कंप्यूटर सेंटर (यूआईटीडीसी) की सिस्टम मैनेजर डॉ सरोज मेहता व जूनियर प्रोग्रामर गुलशन ने इस संबंध में प्रेजेंटेशन दी। प्रेजेंटेशन के माध्यम से दाखिला कमेटी व उपस्थित जनों के समक्ष ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया की विभिन्न जानकारियों को बारीकी के साथ साँझा किया।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने इस प्रक्रिया को अत्यंत सरल बनाने के निर्देश दिए और कहा कि आवेदकों को ऑनलाइन दाखिले से संबंधित जानकारी प्रदान करने व ऑनलाइन आवेदन करने के लिए विश्वविद्यालय में विभागीय स्तर एवं यूआईटीडीसी में व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर यूआईटीडीसी सेल द्वारा दी गई प्रेजेंटेशन में बताया गया कि विभिन्न विभागों को यूजर आईडी प्रदान कर दी जाएगी और विभागों से दाखिलों से संबंधित डॉक्यूमेंट वेरीफाई होने के उपरांत मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।


स्नातक (यूजी) में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी शुक्रवार से विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.cdlu.ac.in/ पर दाखिलों से संबंधित लिंक पर क्लिक करके आवेदन कर सकेंगे। एक से अधिक प्रोग्राम में आवेदन करने वाले विद्यार्थी को अलग-अलग आवेदन करना होगा और निर्धारित आवेदन शुल्क भरना होगा। प्रत्येक प्रोग्राम में आवेदन की यूजर आईडी ऑनलाइन पोर्टल पर जनरेट होगी।
सीडीएलयू में 10+2 के बाद दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी 15 मई 2026 से 10 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सीडीएलयू में कुल 17 यूजी प्रोग्राम्स व 2 डिप्लोमा कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है। 22 जून 2026 को यूजी की पहली काउंसलिंग शुरू हो जाएगी और 13 जुलाई 2026 से कक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी।  

WhatsApp Group Join Now


कुलगुरु ने यूआईटीडीसी के अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए और कहा कि यदि इस प्रक्रिया के दौरान कोई भी त्रुटि आती है तो उसे तुरंत प्रभाव से दुरुस्त किया जाए। बैठक के दौरान दाखिला प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावशाली बनाने के सुझाव भी प्राध्यापकों द्वारा दिए गए।   

इस बैठक का संचालन कुलगुरु के तकनीकी सलाहकार प्रोफेसर पंकज शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ0 सुनील कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो0 राजकुमार, ऐकडेमिक शाखा की डिप्टी रजिस्ट्रार मुन्नी देवी, अधीक्षक सुंदर लाल, विभिन्न संकायों के डीन सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि लॉ, बीटेक तथा फार्मेसी प्रोग्राम्स के दाखिले का शेड्यूल अलग से जारी होगा।