सीडीएलयू की यूजी परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से शुरू, विश्वविद्यालय अधिकारियों का औचक निरीक्षण
mahendra indianews
सिरसा 06 मई 2026। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के अंतर्गत स्नातक (यूजी) परीक्षाएं बुधवार से शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आरंभ हो गईं। परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. सुशील कुमार तथा परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार ने सिरसा स्थित राजकीय नेशनल कॉलेज एवं राजकीय महिला महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार ने बताया कि कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के निर्देशन में परीक्षाओं को पारदर्शी एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सिरसा एवं फतेहाबाद जिलों के महाविद्यालयों में कुल 29 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पानी व बिजली का उचित प्रबंध सुनिश्चित किया गया। परीक्षाएं प्रातः एवं सायं दो सत्रों में आयोजित की जा रही हैं
, जिनमें प्रातः सत्र में लगभग 2500 तथा सायं सत्र में लगभग 3500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, प्रश्न पत्र वितरण, उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण एवं सामान्य पाया गया। विद्यार्थियों ने भी अनुशासन का पालन करते हुए परीक्षा दी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने केंद्र अधीक्षकों एवं संबंधित स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि आगामी परीक्षाओं में भी इसी प्रकार की पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए, ताकि परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
