सीडीएलयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन, वर्तमान परिदृश्य में मीडिया कर्मियों की भूमिका पर हुआ विमर्श
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए एक एक्सटेंशन लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक एवं डिजिटल परिवेश में मीडिया और मीडिया पर्सनैलिटी की भूमिका को समझाना रहा।

कार्यक्रम में पानीपत से सोशल एक्टिविस्ट एवं मीडिया एक्सपर्ट राजेश कुमार रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का मीडिया केवल सूचना देने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज को दिशा देने वाली शक्ति भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया कर्मियों पर सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और 24×7 न्यूज़ संस्कृति के इस दौर में जनसंचार के विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी आत्मसात करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सशक्त मीडिया पर्सनैलिटी वही है, जो टीआरपी या व्यूज़ से ऊपर उठकर जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्राथमिकता दे।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के प्राध्यापक डॉ अमित सांगवान द्वारा की गई , उन्होंने कहा की कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। डॉ अमित ने कहा कि आज के मीडिया कर्मी समाज के विचार-निर्माता हैं और उनकी लेखनी, कैमरा तथा प्रस्तुति जनमानस को प्रभावित करती है। इसलिए युवाओं को फेक न्यूज, अफवाहों और प्रोपेगैंडा से सावधान रहते हुए तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता को अपनाना चाहिए।उन्होंने विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए मीडिया के बदलते स्वरूप और रोजगार की संभावनाओं पर संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने मीडिया में करियर, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, कंटेंट क्रिएशन और पत्रकारिता की चुनौतियों को लेकर प्रश्न पूछे, जिनका राजेश कुमार ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ रविंद्र ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के उपरांत मुख्य वक्ता ने कम्युनिटी रेडियो स्टेशन की कार्यप्रणाली के बारे जाना और बेहतर संचालन हेतु सुझाव दिये। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर मोनिका , डॉ सविता ढांडा , राजेश कम्बोज ,विभाग के पूर्व छात्र एवं लेखक रमेश चहल, सपना , सोनिया ,मोहित , विक्रम बिरजानिया ,धीरज वर्मा आदि उपस्थित थे।
