सिरसा अनाज मंडी पहुंचे चेयरमैन राजेश ठकराल, आढ़तियों ने उठाईं 6 प्रमुख मांगें
mahendra india news, new delhi
हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन राजेश ठकराल शनिवार को 'द एसोसिएशन आढ़ती अनाज मंडी, सिरसा' के कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर मंडी एसोसिएशन पदाधिकारियों एवं समस्त आढ़ती भाइयों ने उनका स्वागत किया और पदभार संभालने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। स्वागत समारोह के दौरान चेयरमैन को एक मांग-पत्र सौंपा गया, जिसमें मंडी की लंबे समय से लंबित समस्याओं के शीघ्र निवारण की पुरजोर मांग की गई। एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज ने बताया कि सिरसा में बन रही नई अतिरिक्त अनाज मंडी का निर्माण कार्य अभी भी अधूरा पड़ा हुआ है। सीजन के दौरान मुख्य मंडी में होने वाली भारी भीड़ और जगह की कमी को देखते हुए, इस नई मंडी के बुनियादी ढांचे को जल्द से जल्द पूरा करके चालू किया जाए। सरकार द्वारा एमएसपी पर फसलों की खरीद पर 2.5 प्रतिशत दामी आढ़तियों को मिलने का प्रावधान है।
पिछले कुछ वर्षों से उउक द्वारा नरमे की सीधी खरीद व एजेंसियों के माध्यम से खरीद होने के कारण आढ़तियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है, अत: सभी फसलों की खरीद आढ़तियों के माध्यम से करवाकर पूरी 2.5 प्रतिशत दामी दिलाई जाए। मंडी से सरकारी खरीद की फसल का उठान समय पर न होने के कारण किसानों और आढ़तियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समय पर ट्रक न लगाने वाले ठेकेदारों के टेंडर तुरंत रद्द कर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए तथा शॉर्टेज की राशि काटना बंद किया जाए। जीएसटी रजिस्ट्रेशन की तर्ज पर आढ़त लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया को भी आजीवन किया जाए, ताकि व्यापारियों का समय और ऊर्जा बचे और उन्हें बार-बार की कागजी कार्रवाई से मुक्ति मिल सके। मंडी में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा मंडी की टूटी सड़कों व फड़ों की तुरंत मरम्मत कराने की मांग की गई।
चेयरमैन राजेश ठकराल ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, मंडी परिवार ने विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में प्रदेश की मंडियों और कृषि क्षेत्र को एक नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर प्रधान प्रेम बजाज, उप प्रधान राजू सुंधा, महासचिव राजेंद्र नढ़ा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल, मार्केट कमेटी चेयरमैन इन्द्रपाल जांगड़ा, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन जनकराज शेरपुरा, धर्मपाल मेहता (हैफड) मार्केट कमेटी डीएमईओ राहुल कुंडु, मार्केट कमेटी सचिव वीरेंद्र मेहता, सहसचिव संदीप कुमार, मुकेश गुम्बर, धर्मपाल जिंदल, कृष्ण मेहता, अजय कालड़ा, मनीष कालड़ा, अनीश गर्ग, पाल कंबोज, हन्नी अरोड़ा, अनिल खोथ, कशमीर कंबोज, राजेश बंसल, अंकित फुटेला, रमन कंबोज, बलबीर कंबोज, सोनम कंबोज समेत अन्य आढ़तीगण उपस्थित रहे।
