गांव केहरवाला की छवि चौधरी ने दसवीं में हासिल किए 96% अंक, मेधावी छात्र सम्मान समारोह में हुई सम्मानित
mahendra india news, new delhi
गांव केहरवाला की बेटी छवि चौधरी ने दसवीं कक्षा में 96 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि पर सिरसा स्थित जाट धर्मशाला में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि चौधरी अभय सिंह चौटाला रहे। कार्यक्रम में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब 150 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
छवि की सफलता को परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। छवि की माता सरपंच सुमन गोदारा ने आमजन से अपील की कि वे बेटियों को शिक्षा और अपने हुनर को निखारने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उन्हें अवसर मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढाओ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कहा कि बेटा-बेटी में कोई अंतर नहीं करना चाहिए। बेटियों को भी समान अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार कर सकें।
