सिरसा में धूमधाम से मनाया मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का 56वां जन्मदिन
mahendra india news, new delhi
हरियाणा के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के 56वें जन्मदिन के अवसर पर रविवार को सिरसा के चाचाणों वाली धर्मशाला, गौशाला मोहल्ला में एक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
इस अवसर पर केक काटकर मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इसके उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा गरीबों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि जन सेवा दिवस के रूप में मनाएं तथा समाजसेवा, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों को प्राथमिकता दें। कार्यक्रम के संयोजक पूर्व पार्षद सुशील सैनी एवं उनकी पुत्रवधू पार्षद पूजा सैनी रहे। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक सरल, कर्मठ एवं जनसेवा को समर्पित नेता हैं, जिनका जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सिरसा जिले के अनेक पार्षद, पूर्व पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में एडवोकेट यतींद्र सिंह एवं सुशील सैनी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया तथा हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
