home page

नागरिक बढ़ चढक़र स्व-गणना में करें भागीदारी: बीईओ सतबीर सिंह

 | 
news

Mahendra india news, new delhi
जनगणना-2027 के अंतर्गत चलाई जा रही स्व-गणना मुहिम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक टीमें प्रतिदिन स्कूलों, महाविद्यालयों तथा सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में जाकर आमजन को स्व-गणना के लिए प्रेरित कर रही हैं।


इसी कड़ी में सोमवार को आईटीआई नाथूसरी चौपटा, दयानंद पब्लिक स्कूल नाथूसरी चोपटा और जीडी गोयनका स्कूल, सिरसा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को स्व-गणना पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। सांख्यिकी विभाग से सहायक ललित व उनकी टीमों ने पंजीकरण से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी सरल भाषा में समझाई। आईटीआई नाथूसरी चौपटा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्रिंसिपल राम कुमार ने स्टॉफ व विद्यार्थियों को स्व-गणना में योगदान देने के लिए जागरूक किया।


नाथूसरी चोपटा के खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह ने दयानंद पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जो समाज और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को सामने लाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्व-गणना में बढ़-चढक़र हिस्सा लेना चाहिए और अपने परिवार की जानकारी पूरी ईमानदारी व सावधानी से दर्ज करनी चाहिए। सही और सटीक जानकारी ही विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने में सहायक होती है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इसके महत्व के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। इस मौके पर दयानंद पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल शिखा गोदारा, डायरेक्टर बिजेंद्र गोदारा मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now


स्व-गणना में सहभागिता से मजबूत होगा समाज का आधार: प्राचार्या डॉ. राखी पुरी
जीडी गोयनका स्कूल की प्राचार्या डॉ. राखी पुरी ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों से स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्व-गणना समाज की वास्तविक स्थिति को समझने और विकास योजनाओं को सही दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों व स्टॉफ सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को इस प्रक्रिया के महत्व के बारे में जागरूक करें और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर स्कूल सचिव कमलकांत बंसल ने भी स्टॉफ को स्व-गणना के लिए जागरूक किया।