सीएम नायब सिंह सैनी आज सिरसा में, तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए सिरसा से विशेष ट्रेन को दिखाएंगे झंडी, सुरक्षा के मद्धेनजर ट्रैफिक रुट रहेंगे डायवट
हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत आज शुक्रवार 15 मई को सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिरसा रेलवे स्टेशन से इस विशेष ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। इससे पहले रेलवे स्टेशन पर ही मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं को संबोधित भी करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पूरी कर ली गई है।
श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सूचना
यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को 12:30 बजे तक रेलवे स्टेशन सिरसा पर पहुंचना होगा। आवेदक अपने साथ आवश्यक दस्तावेज अवश्य लेकर आएं। श्रद्धालुओं को आवेदन पत्र की फोटोप्रति अथवा आवेदन क्रमांक संख्या, आधार कार्ड, फैमिली आईडी की फोटो प्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र तथा विभाग द्वारा जारी किया गया आईकार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना आवश्यक दस्तावेजों के यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा हो सकती है। इसके अलावा जिन श्रद्धालुओं ने पहले ही अपने आवेदन जमा करवा दिए हैं, उन्हें दोबारा आवेदन जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है। केवल वही श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंचे, जिन्हें विभाग द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई है तथा जिन्होंने यात्रा पर जाने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन सिरसा पर ही हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
सुरक्षा के मद्धेनजर ट्रैफिक रुट रहेंगे डायवर्ट,करीब 650 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा ।
मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन और जिला पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है । इस अवसर पर मुख्यमंत्री तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र के लिए नि:शुल्क तीर्थ यात्रा पर जाने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे । इस अवसर पर जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा, सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन, अतिरिक्त जिला उपायुक्त अर्पित संगल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस लाइन सिरसा से रेलवे स्टेशन तक सभी रूटों का निरीक्षण किया और वैकल्पिक मार्गों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सफाई, मोबाइल टॉयलेट्स, वीवीआईपी और मीडिया गैलरी, चेकिंग पॉइंट, हेलीपैड और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। एसपी दीपक सहारन ने उपस्थित फायर ब्रिगेड, डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की तैनाती का भी निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार बनाए रखें और असामाजिक व संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखें। उन्होंने बताया कि सिरसा पुलिस के करीब 650 अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए पूर्ण रूप से अलर्ट रहेंगे। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि वे चप्पे-चप्पे की जांच करें और किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक बर्दाश्त न की जाए। उन्होंने कहा कि सिंविल ड्रेस में पुलिस की जवानों की तैनाती की गई है ताकि संदिग्ध किस्म का व्यक्ति पुलिस की नजरों से बच न सकें । पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अनुरोध किया है कि वे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें और निर्धारित पार्किंग में ही अपने वाहन पार्क करें। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और आमजन के लिए परेशानी-मुक्त रूप से संपन्न हो।
मुख्यमंत्री आगमन पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट रहेंगे ।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के कारण शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्ट किए गए हैं। महिला कॉलेज के सामने से होते हुए पुरानी कचहरी छोटे फाटक की की तरफ जाने वाले वाहन के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगे, इसलिए वाहन चालक अन्य वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े ।
सुरक्षा व्यवस्था
शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी और नाके तैनात किए गए हैं। वीआईपी की निगरानी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
आमजन से अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अनुरोध किया है कि बिना इमरजेंसी के शहर में प्रवेश न करें, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें ।
