home page

जेसीडी मेमोरियल कॉलेज SIRSA में महिला दिवस पर प्रतियोगिताएं आयोजित

 | 
Competitions organized on Women's Day at JCD Memorial College, Sirsa

mahendra india news, new delhi
जेसीडी विद्यापीठ स्थित जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में वूमेन सेल और इंग्लिश विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के तहत स्पीच प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा सेल्फी विद फीमेल आइडल गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपने विचारों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण, समाज में उनकी भूमिका और उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रणजीत सिंह ने की।

WhatsApp Group Join Now


इस अवसर पर कॉलेज कोऑर्डिनेटर डॉ. अमरीक गिल तथा वूमेन सेल के सदस्य डॉ. इंदु, सविता, कविता अग्रवाल, डॉ. बिंदिया, डॉ. अमनदीप, सुखजीवन, शालू देवी और सरोज मौजूद रहे। निर्णायक मंडल की भूमिका  डॉ. इंदु, सोमवीर व डॉ. राकेश  ने निभाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. जयप्रकाश ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, सम्मान और उपलब्धियों को याद करने का अवसर है।

आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल, व्यापार और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तब ही संभव है जब महिलाओं को समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान मिले।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति में नारी को हमेशा से उच्च स्थान दिया गया है, फिर भी समाज के कई हिस्सों में आज भी महिलाओं को भेदभाव और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करें और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करें।


डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि आज की महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन कर रही हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं। इसलिए हमें ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए जहां महिलाएं सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर होकर अपने जीवन में आगे बढ़ सकें।
प्राचार्य प्रो. रणजीत सिंह ने कहा कि एक शिक्षित और आत्मनिर्भर महिला न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा वातावरण बनाना चाहिए, जहां महिलाएं बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ सकें और अपने सपनों को पूरा कर सकें।
इन प्रतियोगिताओं में विजेता इस प्रकार रहे— 
सेल्फी विद फीमेल आइडल प्रतियोगिता में एमए इंग्लिश की रेखा ने प्रथम स्थान, बीएससी मेडिकल की हरसिमरन कौर ने द्वितीय स्थान तथा बीए के अभिषेक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में एमएससी फिजिक्स की नेहा रानी प्रथम, बीएससी लाइफ साइंस की अंश्रीत द्वितीय और एमएससी फिजिक्स की हनीशा तृतीय स्थान पर रहीं।
 वहीं स्पीच प्रतियोगिता में बीए की सृष्टि ने प्रथम, बीए की शैफाली राजपूत ने द्वितीय तथा बीए के प्रनीत कौर और गुलशान सिंह ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।