home page

बिजली कटौती और जल संकट पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, आंदोलन की चेतावनी

 | 
news

Mahendra india news, new delhi

HARYANA प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने जिले में बढ़ रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और पेयजल संकट को लेकर सरकार तथा बिजली निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिजली मंत्री अनिल विज द्वारा जारी किए गए निर्देशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जारी बयान में शर्मा ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार अघोषित बिजली कट लगाए जा रहे हैं। लोगों को घरों के बाहर बैठकर रात बितानी पड़ रही है। कई इलाकों में दिन के समय भी घंटों बिजली गायब रहती है, जबकि कई स्थानों पर लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। इससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं और छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बिजली संकट का सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। अक्सर पानी सप्लाई के समय बिजली कट जाती है और जब बिजली आती है तब तक जलापूर्ति बंद हो चुकी होती है। बिजली और जनस्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। कई परिवारों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है या फिर टैंकरों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

WhatsApp Group Join Now

शर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली निगम के अधिकारी शिकायतों का समय पर समाधान नहीं कर रहे हैं। उपभोक्ताओं द्वारा शिकायत केंद्रों पर किए जाने वाले फोन तक रिसीव नहीं किए जाते, जिससे लोगों में रोष बढ़ रहा है। 

प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने सरकार से बिजली और पानी की व्यवस्था में तत्काल सुधार करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्थिति नहीं सुधरी तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन शुरू करेंगे और मुख्यमंत्री का जब भी सिरसा आगमन होगा उनका पुरजोर विरोध किया जाएगा।