राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले पांचों एमएलए को कांग्रेस ने किया किनारे, अब यह नहीं कर सकेंगे पांचों विधायक
mahendra india news, new delhi
राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी में हलचल बढ़ी हुई है। चुनाव के बाद 5 एमएलए की क्रॉस वोटिंग और चार एमएलए के वोट रद होने के बाद हरियाणा कांग्रेस में उठक पटक बढ़ती जा रही है। प्रदेश में रतिया के एमएलए जरनैल सिंह और नारायणगढ़ की एमएलए शैली चौधरी के बाद अब साढ़ौरा की विधायक रेनू बाला ने भी कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए क्रॉस वोटिंग से इंकार कर दिया है।
इसी के साथ ही बागी तेवर दिखा रहे पुन्हाना के एमएलए मोहम्मद इलियास ने सीएम नायब सिंह सैनी से भेंट के बाद अब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर पाला बदलने की चर्चा तेज हो गई है। हथीन के एमएलए मोहम्मद इजराइल के तेवर भी बढ़ रहे हैं, जिन्होंने अभी तक नोटिस का जवाब नहीं दिया।
उधर कांग्रेस पार्टी से विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने साफ कर दिया कि पार्टी आलाकमान से क्लीन चिट मिलने तक किसी भी आरोपित विधायक को विधायक दल की बैठक सहित अन्य कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाएगा।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर टिकी नजरें
राज्यसभा चुनाव के बाद बागी कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई को लेकर सभी की नजरें नई दिल्ली में सोमवार को होने वाली विधायक दल की बैठक पर टिकी हुई हैं, जिसमें अगली रणनीति पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस मीङ्क्षटंग में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शामिल होने की पूरी उम्मीद है।
कांग्रेस पार्टी की अप्रैल के पहले सप्ताह में चंडीगढ़ में अनुशासनात्मक कार्यवाही कमेटी की बैठक होगी, जिसमें कोई अंतिम निर्णय लेकर रिपोर्ट आलाकमान को जाएगी। बागी विधायकों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कई विकल्पों पर कार्य कर रही है। 5 एमएलए को पार्टी से निलंबित किया जा सकता है। उन्हें संगठनात्मक पदों से हटाया जा सकता है। भविष्य में टिकट पर रोक या सख्त चेतावनी दी जा सकती है।
