home page

साहुवाला-द्वितीय की बेटियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम, प्रीति बनी खंड टॉपर

 | 
Daughters of Sahuwala-II shine in the 12th board exams, Preeti becomes the block topper


सिरसा, 14 मई।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहुवाला-द्वितीय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खंड नाथूसरी चौपटा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह ढिढारिया के नेतृत्व में विद्यालय की छात्राओं ने शानदार सफलता हासिल की। विद्यालय की प्राचार्या मंजू पूनिया ने बताया कि छात्रा प्रीति ने 480 अंक प्राप्त कर 96 प्रतिशत अंकों के साथ खंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं छात्रा निशा ने 479 अंक लेकर 95.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान तथा दिया ने 477 अंक हासिल कर 95.4 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्या मंजू पूनिया ने मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी विद्यालय की छात्राओं ने दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में खंड स्तर पर तीनों शीर्ष स्थान प्राप्त किए थे। लगातार बेहतर परिणाम विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत, छात्राओं के अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम हैं।