नाथूसरी चौपटा के दयानंद स्कूल का सीबीएसई 10वीं परीक्षा परिणाम में छात्रों ने लहराया परचम, रूबी और आदित्य ने मारी बाजी
नाथूसरी चौपटा खंड के दयानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल चौपटा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता सिद्ध की है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के सीबीएसई कक्षा 10वीं के परिणाम में स्कूल के 9 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शिखा गोदारा ने बताया कि छात्रा रूबी ने 95.4 फीसद अंकों के साथ ब्लॉक में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आदित्य ने 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ ब्लॉक में द्वितीय स्थान हासिल किया।विद्यालय की छात्रा आस्था ने 93.8 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा के एक तिहाई छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर मेरिट में स्थान बनाया।
स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने इस शानदार सफलता पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी है। स्कूल प्रशासन का कहना है कि छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन के कारण ही स्कूल लगातार ब्लॉक में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत और स्कूल के अनुशासित वातावरण को दिया।
