home page

बीएलओ से मारपीट मामले में डीसी-एसपी से मिला राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल

 | 
Delegation of the Government Primary Teachers' Association met the DC and SP regarding the assault on a BLO

mahendra india news, new delhi
 चुनाव ड्यूटी के दौरान जेबीटी शिक्षक हरपाल सिंह के साथ ड्यूटी के दौरान हुई मारपीट व दुर्व्यवहार के संबंध में तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को लेकर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, सिरसा की ओर से जिला उपायुक्त व एसपी सिरसा को ज्ञापन दिया गया। जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा ( सम्बन्धित अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ) (जिला सिरसा) ने बताया कि पीड़ित शिक्षक हरपाल सिंह, नाथूसरी चौपटा, भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार बूथ नंबर 73, नाथूसरी कलां में मतदाताओं के घर-घर जाकर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत फॉर्म वितरित करने और उन्हें आॅनलाइन करने की सरकारी ड्यूटी का निष्पादन अत्यंत निष्ठापूर्वक कर रहे थे।

10 जुलाई को समय लगभग 11:00 बजे जब वह अपने सहायक दीपक कुमार के साथ सरकारी कार्य के तहत मतदाताओं के घर गए हुए थे, तब आरोपी धर्मवीर मोठिया निवासी नाथूसरी कलां, सिरसा) ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि शिक्षक के साथ अत्यधिक अभद्र व अमर्यादित दुर्व्यवहार किया। इसके बाद आरोपी द्वारा शिक्षक हरपाल सिंह के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इस संबंध में पुलिस थाना नाथूसरी चौपटा में आरोपी धर्मवीर मोठिया के खिलाफ एफआईआर नंबर 0149 (दिनांक 10/07/2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि चुनाव जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय कार्य में लगे एक शिक्षक के साथ सरेआम इस प्रकार की मारपीट और गुंडागर्दी की घटना से समस्त शिक्षक समाज में भारी रोष, भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। यदि राष्ट्र निमार्ता और निर्वाचन अधिकारी ही आॅन ड्यूटी सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो कोई भी शिक्षक निर्भिक होकर शासकीय कर्तव्यों का पालन नहीं कर पाएगा।

WhatsApp Group Join Now

उक्त घटना के 2 दिन बाद अध्यापक पर दबाव बनाने के लिए आरोपी के परिवार विशेषकर उसकी पत्नी के द्वारा एक झूठी शिकायत सिरसा के महिला थाना में की गई है, जो कि पूर्णत: झूठी और मनगढ़ंत है, यह कुकृत्य इस मामले को और भी गम्भीर व दुर्भाग्यपूर्ण बनाता है। अत: राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ आपसे न्यायोचित मांग करता है कि सरकारी कर्मचारी पर ड्यूटी के दौरान हमला करने वाले व उल्टा उन्हीं अध्यापक पर झूठी शिकायत करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व सरकारी कर्मचारी को निशाना बनाने की हिम्मत न कर सके। इस मौके पर विजय सहारण, शैलेन्द्र ढिल्लों, सुधीर सुथार, राजेश बैनीवाल, कन्हैया लाल, लाल बहादुर, संदीप रूंडला, बलबीर भडिया, मोहन लाल, सुरेश रंगा, ओम प्रकाश, राजकुमार, राजेंद्र, प्रवीण उपस्थित थे।