सिरसा बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग, नागरिकों ने HARYANA CM से लगाई गुहार
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा शहर के खन्ना कॉलोनी, एम.सी. कॉलोनी, फ्लाईओवर क्षेत्र, बरनाला रोड तथा आसपास के निवासियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से सिरसा के वर्तमान बस स्टैंड को शहर से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि वर्तमान बस स्टैंड शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्र में स्थित है। इसके निकट फ्लाईओवर, बरनाला रोड का मोड़ तथा राजकीय महाविद्यालय होने के कारण दिनभर भारी ट्रैफिक बना रहता है। कॉलेज के विद्यार्थियों, राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार जोखिम का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
बस स्टैंड के आसपास ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहनों की भीड़ के कारण अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। वहीं आसपास स्थित निजी अस्पतालों तक मरीजों और एम्बुलेंस को पहुंचने में भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र के समाजसेवी रमेश पुरी एवं स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने से यातायात व्यवस्था सुचारु होगी, जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी, विद्यार्थियों और मरीजों की सुरक्षा बढ़ेगी तथा शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
नागरिकों ने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
रमेश पुरी, समाजसेवी
खन्ना कॉलोनी, सिरसा
एवं क्षेत्रवासी व आम नागरिक
